
हमीरपुर। रविवार तड़के दीवार फांदकर घर में घुसे पति ने पारिवारिक विवाद में पत्नी को सोते समय चारपाई में आग लगाकर जिंदा फूंक दिया। चीख-पुकार सुनकर बचाने आए ससुर को पत्थरों से कूंचकर मार डाला।
बच्चों का भी गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। दो लोगों की हत्या करने के बाद स्वयं को तमंचे से गोली मार ली, जिससे उसकी भी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बीचबचाव में हमलावर पति का साथी प्रधानाध्यापक घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सवेरे घटना की खबर जैसे ही फैली हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुस्करा थाने के पहाड़ी भिटारी गांव निवासी 42 वर्षीय ओमप्रकाश राजपूत 40 वर्षीय पत्नी अनुसुइया, 17 और 12 साल की बोटियों, 10 साल के बेटे के साथ रहता था। आए दिन विवाद होने के चलते पत्नी अनुसुइया तीनों बच्चों के साथ राठ कस्बे के लीलावती नगर पठानपुरा मोहल्ले में पांच माह पहले रहने आ गई थी। जीआरवी इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा बड़ी बेटी केबीसी ने बताया कि कुछ दिनों से मोहल्ले में उनके मकान का निर्माण चल रहा था, जिसकी देखभाल करने के लिए गुरुवार को लोदीपुरा निवासी नाना नंदकिशोर भी आ गए थे। शनिवार शाम सात बजे पिता ओमप्रकाश राजपूत के साथी उच्च प्राथमिक विद्यालय भिटारी के प्रधानाध्यापक रतनलाल वर्मा घर पर आए और वहीं पर सो गए।
केबीसी ने बताया आधी रात के बाद दीवार फांदकर पिता ओमप्रकाश घर में घुस आए और मां को सोते समय चारपाई पर ही जिंदा जला दिया। आग का गोला बनी मां चीखी चिल्लाती इधर-उधर भागी। प्रधानाध्यापक रतनलाल वर्मा ने मां को बचाने की कोशिश की, जिसमें वह भी झुलस गए। चीख-पुकार सुन नाना नंदकिशोर जब मौके पर पहुंचे तो पिता ने उन्हें भी जमीन पर पटक दिया और पत्थरों से कुचल दिया, जिससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बेटी ने बताया कि इसके बाद पिता ने उसका और भाई प्रिंस का गला गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन वह दोनों किसी तरह छूट कर निकल भागे। इसके बाद पिता ने खुद तमंचे से सीने से सटाकर गोली मार ली, जिससे उनकी भी मौत हो गई। तड़के तीन बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों शवों को कब्जे में ले लिया। एएसपी मायाराम वर्मा, सीओ फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें