
कदवा (कटिहार)। चौनी पंचायत अंर्तगत कोल्हा कब्रिस्तान से किसी ने कब्र खोदकर तीन कंकालों की चोरी कर ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति एक दिन पूर्व दफन कब्र के पास फातिहा पढ़ने गया था, उसकी नजर आस-पास के कब्र पर पड़ी तो कब्र खुदी हुई नजर आई।
किसी कब्र से कंकाल तो किसी कब्र से शव का सिर गायब मिला। चौथे कब्र को भी खोदने की कोशिश की गई थी। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है।
कुदाल से खोदी गई थी कब्र
बताया जा रहा है कि उक्त कब्र में चार से छह माह पूर्व शव दफन किया गया था। कब्र को कुदाल से खोदा गया था। घटना की सूचना मिलते हीं प्रखंड विकास पदाधिकारी मुर्शीद अंसारी, आरओ सरवर आलम, थानाध्यक्ष बिजय कुमार यादव, मुखिया प्रतिनिधि जियाउल मौके पर पहुंचे।
लोगों में घटना को लेकर आक्रोश
घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं। आखिर शव के कंकाल का क्या किया जाएगा? लोगों ने दोषी की पहचान कर सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि यह कृत्य किसी शरारती तत्व का है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी तरह के अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें