हल्द्वानी: कोतवाली परिसर में महिला दरोगा और सिपाही के बीच हुआ विवाद; सिपाही द्वारा थप्पड़ मारे जाने की चर्चा से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

हल्द्वानी। कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन कंधों पर होती है, यदि उन्हीं के बीच आपसी विवाद और हाथापाई की नौबत आ जाए तो महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कोतवाली के भीतर एक सिपाही ने कथित तौर पर महिला चौकी प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और अंदरखाने चर्चाओं का बाजार गर्म है।
कोतवाली के भीतर तीखी नोकझोंक के बाद गरमाया मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। सुबह के वक्त किसी बात को लेकर एक महिला दरोगा और विशेष ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात एक सिपाही के बीच किसी मुद्दे पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि गुस्से में आपा खोते हुए सिपाही ने महिला दरोगा को थप्पड़ मार दिया, जिससे पूरी कोतवाली में हड़कंप मच गया और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।
वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा मामला, सिपाही लाइन हाजिर/स्थानांतरित होने की चर्चा
घटना की भनक लगते ही मामला थाने की चारदीवारी से निकलकर सीधा उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया। सूत्रों के अनुसार, पीड़ित महिला दरोगा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखा और अपनी शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है, लेकिन चर्चा है कि कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को वहां से हटाकर नैनीताल भेज दिया गया है। पुलिस के उच्च अधिकारी इस संवेदनशील मामले की अंदरखाने जांच कर रहे हैं।

