हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर में दर्दनाक हादसा: बिजली पोल से गिरकर 31वीं वाहिनी पीएसी के जवान की संदिग्ध मौत, परिवार में कोहराम

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। जिले के बगवाड़ा क्षेत्र स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में 31वीं वाहिनी पीएसी (PAC) में तैनात एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ड्यूटी खत्म कर घर लौटे जवान की बिजली के पोल से गिरकर हुई इस असामयिक मौत से जहां परिवार में चीख-पुकार मची है, वहीं पीएसी वाहिनी में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात धर्मेंद्र सिंह रावत (36 वर्ष), पुत्र लाल सिंह अपने परिवार के साथ बगवाड़ा की ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे। बीते दिन ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वे घर लौटे, तो घर की बिजली आपूर्ति में कुछ तकनीकी खराबी थी। बताया जा रहा है कि इसी समस्या को ठीक करने के उद्देश्य से वह पास ही स्थित बिजली के पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान अचानक करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जमीन पर आ गिरे। पोल से नीचे गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह करंट लगना है या सिर की चोट, इसका सटीक खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पीएसी के अधिकारियों और जवानों ने धर्मेंद्र को एक अत्यंत कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार साथी बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

Exit mobile version