
लालकुआं/बिंदुखत्ता। लालकुआं क्षेत्र के बिंदुखत्ता अंतर्गत शांतिनगर निवासी त्रिभुवन जोशी (47 वर्ष) की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में असमय मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
परिवार के इकलौते कमाने वाले थे त्रिभुवन, पिता व बड़े भाइयों का पहले ही हो चुका है निधन
त्रिभुवन जोशी की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता मोहन चंद्र जोशी और दो बड़े भाइयों का पूर्व में ही निधन हो चुका था, जिसके चलते त्रिभुवन ही पूरे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक हुई मौत के बाद घर में वृद्ध मां, पत्नी और दो छोटे बच्चों के सिर से साया उठ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया।
बेटे की बीटेक की पढ़ाई के लिए बेची थी जमीन, आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्रिभुवन का बड़ा बेटा ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि बेटी कक्षा 11 में पढ़ाई कर रही है। बेटे की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने के लिए त्रिभुवन अपनी कुछ जमीन बेचकर पढ़ाई करा रहे थे और पिछले कुछ समय से परिवार गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहा था।
उनकी आकस्मिक मौत से परिवार के सामने न केवल जीवन-यापन बल्कि दोनों बच्चों की पढ़ाई और सुनहरे भविष्य को लेकर गहरा संकट खड़ा हो गया है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे शांतिनगर और बिंदुखत्ता क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें