हिमालय प्रहरी

पत्नी की शिकायत लेकर आशियाना थाने पहुंचा पति, बोला- महंगे गिफ्ट न देने पर करती है टॉर्चर

खबर शेयर करें -

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। दरअसल, यहां एक पति अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत लेकर आशियाना थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी आपबीती बताई। शख्स ने पुलिस को बताया कि उसकी बीवी उसे टॉर्चर करती है। उसकी बीवी उससे रोज-रोज महंगे गिफ्ट मांगती है और डिमांड पूरी न होने पर उसे मानसिक रूप से टॉर्चर करती है।

पीड़ित पति की मानें तो वह अपनी पत्नी की डिमांड पूरी करने की कोशिश करता था, लेकिन अब उसकी डिमांड दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। अपनी पत्नी की बढ़ती डिमांड से वह परेशान हैं। पीड़ित शख्स आशियाना थाना क्षेत्र का रहने वाला जितेंद्र सिंह है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जितेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी और सोनम की मुलाकात फेसबुक (FB) पर हुई थी। जिसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई और धीरे-धीरे प्यार हो गया। साल 2021 में दोनों ने शादी कर ली।

पीड़ित पति जितेंद्र की मानें तो शादी के कुछ समय बाद उसकी पत्नी सोनम ने परिजनों के साथ रहने से मना कर दिया। पत्नी की जिद को देखते हुए उसने दूसरी जगह घर ले लिया। लेकिन तब से ही सोनम उससे महंगे-महंगे गिफ्ट की डिमांड करने लगी। शुरूआत में तो उसने पत्नी की डिमांड पूरी कर दी। लेकिन उसकी डिमांड दिन-ब-दिन बढ़ने लगी है, जिससे वह अब परेशान हो गया है।

जितेंद्र की मानें तो उसकी पत्नी सोनम कभी लग्जरी कार खरीदने को कहती है तो कभी पैसे मांगती है। हद तो तब हो गई जब उसने मेरी मां को घर अपने नाम करने को कह दिया। जब मैंने उसकी ये डिमांड पूरी नहीं की तो वह मुझे मानसिक रूप से परेशान करने लगी। उसने मुझे तलाक देने की धमकी दी है, इससे मुझे डिप्रेशन हो गया है। अब पीड़ित पति ने परेशान होकर पत्नी सोनम के खिलाफ आशियाना थाने में मामला दर्ज कराया है।

इस मामले में आशियाना थाने के प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया, ‘पीड़ित जितेंद्र सिंह की तहरीर पर उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।’

Exit mobile version