देहरादून: बरसात के मौसम में पर्वतीय क्षेत्रों में आने वाली दैवीय आपदा व अतिवृष्टि में राहत कार्य के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में दो माह के लिए हेलीकाप्टर तैनाती की स्वीकृति प्रदान कर दी है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि आपदा राहत कार्यों के लिए आवश्यकता नहीं होने पर हेलीकॉप्टर का रियायती दरों पर जनसामान्य के लिए उपयोग में लाया जा सकता है।
बता दें कि मानसून सत्र में पर्वतीय क्षेत्रों में अतिवृष्टि व अन्य दैवीय आपदाओं में राहत का कार्य चुनौतीपूर्ण होता है। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जनपद में बरसात के 2 माह के लिए हेलीकॉप्टर खड़ा करने के निर्देश दिए। यह भी निर्देश दिए हैं कि जब हेलीकाप्टर की आपदा राहत कार्यों के लिए आवश्यकता न हो तब हेलीकाप्टर का उपयोग रियायती दरों पर भुगतान के आधार पर जन सामान्य के लिए वैकल्पिक यातायात के रूप में किया जाए। मुख्यमंत्री के इस पहल से आपदा राहत कार्यों में काफी सहायता मिलेगी।