प्रदेश में एलटी शिक्षकों की नई नियुक्ति से माध्यमिक विद्यालयों में तैनात अतिथि शिक्षकों के भविष्य पर तलवार लटक गई है। अधिकांश विद्यालयों में विषयवार एलटी शिक्षकों की तैनाती होने से इन विद्यालयों से अतिथि शिक्षकों को बाहर किया जा रहा है।
अभी शिक्षकों के वार्षिक स्थानांतरण पर भी अतिथि शिक्षकों के प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि शिक्षा अधिकारी अतिथि शिक्षकों को रिक्त विषय वाले विद्यालयों में नियुक्ति देने का आश्वासन दे रहे हैं लेकिन कई विषयों के अध्यापकों की पर्याप्त संख्या होने से विषय अध्यापकों को नियुक्ति मिलेगी या नहीं, इस पर संदेह है।
जिले के माध्यमिक विद्यालयों में 130 अतिथि शिक्षक तैनात हैं। बीते दिनों एलटी शिक्षकों की नियुक्ति और वार्षिक स्थानांतरण पर कई विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों को हटाया गया है। जिन अतिथि शिक्षकों को हटाया गया है वह रोजाना मुख्य शिक्षा अधिकारी दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर करीब 15 से अधिक अतिथि शिक्षकों के आवेदन पत्र आए हैं, जिनकी सेवाएं प्रभावित हुई हैं। यह शिक्षक जिले में रिक्त विषय वाले विद्यालयों में उन्हें नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं। अभी तक इन अतिथि शिक्षकों को मायूसी ही मिली है।
कोट
एलटी शिक्षकों की नियुक्ति से अतिथि शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। अतिथि शिक्षकों के प्रति सहानुभूति रखते हुए जिन विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं उन विद्यालयों में इन्हें तैनाती दी जाएगी। उन्हें बेरोजगार नहीं होने दिया जाएगा।
– केएस रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल।