उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने का खाका तैयार कर लिया है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व आगामी सितंबर महीने से गढ़वाल और कुमाऊं दोनों ही मंडलों में बड़े पैमाने पर चुनावी माहौल बनाने उतरेगा। इस सिलसिले में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे प्रस्तावित किए जा रहे हैं।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के युवाओं से संवाद करेंगे राहुल गांधी
हाल ही में देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की सफलता के बाद पार्टी राहुल गांधी के दौरे को नए सिरे से रूप देने में जुटी है। रणनीति के तहत राहुल गांधी मैदानी जिलों—हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के साथ सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है कि मैदानी क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी पार्टी के जनाधार को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
पर्वतीय जिलों में प्रियंका गांधी साधेगी महिलाओं व युवाओं का समीकरण
पार्टी स्तर पर प्रियंका गांधी के दौरों की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। उन्हें विशेष रूप से पर्वतीय जिलों में सक्रिय करने की योजना है। चमोली (गढ़वाल) और अल्मोड़ा (कुमाऊं) में उनकी विशाल जनसभाएं कराने पर विचार चल रहा है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों की महिलाओं और युवा वर्ग को कांग्रेस के पक्ष में लामबंद किया जा सके।
मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य केंद्रीय नेताओं की भी होंगी सभाएं
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड आगमन को लेकर भी दिल्ली स्तर पर बातचीत जारी है। केंद्रीय नेतृत्व को राज्य के अलग-अलग कोनों में उतारकर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी होने के कारण बड़े नेताओं के कार्यक्रम रोके गए थे। सितंबर महीने से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई राष्ट्रीय दिग्गज उत्तराखंड का दौरा कर चुनावी तैयारियों को नई धार देंगे।
