हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड : बैंक में चाय-पानी पिलाने का काम करने वाला कर्मचारी खाता धारकों के लाखों रुपये लेकर हुआ रफूचक्कर

खबर शेयर करें -

ज्वालापुर की सराय गांव स्थित बैंक आफ इंडिया में चाय-पानी पिलाने का काम करने वाला एक दैनिक कर्मचारी खाता धारकों के लाखों रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया।खाताधारकों ने रकम अपने-अपने बैंक खाते में जमा कराने के लिए दी।

देहरादून निवासी आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज

कर्मचारी ने उन्हें रसीद भी दी, पर रकम जमा नहीं की। अब बैंक मैनेजर ने देहरादून निवासी आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।


बीते पांच मार्च से शाखा में नहीं आया

पुलिस के मुताबिक, बैंक आफ इंडिया की सराय शाखा के मैनेजर अरविंद चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बैंक शाखा में अर्जुन सिंह निवासी जगधान, लोहारी चकराता, देहरादून दैनिक मजदूरी पर कार्यरत था। बैंक में उसका काम केवल, चाय, पानी पिलाना व शाखा की सफाई करना था। बीते पांच मार्च से वह शाखा में नहीं आया। मैनेजर ने बताया कि दो महीने पहले उन्होंने चार्ज लिया है।

मैनेजर को दादी का देहांत होने की दी जानकारी

तत्कालीन मैनेजर अर्जुन से बात की तो उसने अपनी दादी का देहांत होने की जानकारी दी। दो तीन दिन बाद कुछ लोग अर्जुन को पूछने बैंक में पहुंचे। 14 मार्च को मेहुरुन्निशा शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने अर्जुन को 33 हजार 500 रुपये जमा कराने के लिए दिए थे। जिसकी एक रशीद भी अर्जुन सिंह ने दी थी, लेकिन पैसा खाते में जमा नहीं हुआ। इसी तरह सराय निवासी जमशीदा ने बताया कि उसने 50 हजार रुपये अर्जुन को जमा करने के लिए दिए थे। रसीद मिलने के बावजूद पैसे खाते में जमा नहीं हुए।

संपर्क साधने पर भी नहीं चल पाया पता

धोखाधड़ी का पता चलने पर बैंक ने अर्जुन से संपर्क साधने का प्रयास किया, पर उसका कुछ पता नहीं चल पाया। इस मामले में मैनेजर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। ज्वालापुर कोतवाल आरके सकलानी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version