हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड मौसम अपडेट : नैनीताल सहित इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

खबर शेयर करें -

मानसून ने गति पकड़ी है। ऐसे में नमी वाली हवा प्री-मानसून को मजबूत कर रही है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन कुमाऊं के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है।

गुरुवार व शुक्रवार को मौसमी सिस्टम अधिक मजबूत रहेंगे। इसकी वजह से कुछ जगहों पर तीव्र बौछार पडऩे के अलावा नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर व चम्पावत जिलों में कहीं कहीं पर भारी वर्षा भी हो सकती है। लोगों को बरसाती नालों व नदियों के निकट नहीं जाने की सलाह जारी की गई है।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार व शुक्रवार को अधिकांश जगहों पर वर्षा देखने को मिलेगी। 18 व 19 जून को वर्षा का दायरा थोड़ा कम होने की संभावना है। मौसम में आने वाले बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी। मैदानी इलाकों को तपिश से राहत मिल सकती है।

इधर, बुधवार को हल्द्वानी समेत आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे। दिन में उमस रही। पिथौरागढ़, बागेश्वर, चम्पावत में अनेक व अल्मोड़ा जिले में कहीं कहीं पर वर्षा हुई। सर्वाधिक 27.9 सेमी वर्षा पंचेश्वर में दर्ज हुई। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री व न्यूनतम 27.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मानसून के अनुकूल बन रही स्थिति

पिछले दो-तीन दिनों में मानसून से गति पकड़ी है। मानसून का दक्षिणी-पश्चिमी छोर गुजरात के निचले इलाकों को छूता हुआ मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक तेलंगाना व आंध्र प्रदेश से आगे बढ़ गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों में मानसून ओडिशा, झारखंड व बिहार के कुछ हिस्सों से आगे बढ़ सकता है। मानसून अनुमान के अनुरूप आगे बढ़ा तो 20 जून के आसपास उत्तराखंड पहुंच सकता है।

Exit mobile version