जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस ने ज्वैलर व्यवसायी की अलमारी से सोना चुराने के मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाशों को पकड़ा हैं। सोना चुराने वाला आरोपी कोई और नहीं बल्कि ज्वैलर व्यवसायी के यहां काम करने वाला कारपेंटर निकला। आरोपी ने चोरी करने के बाद सोना को गलाने के बाद उससे आए पैसों से अपने मकान की दूसरी मंजिल की छत डलवा ली और उस पर फिनिशिंग का काम चल रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी ने सोना बेचने के बाद आए पैसों से दिल्ली में जाकर मौज मस्ती में पैसे लुटा दिए। हालांकि पुलिस ने उसके पास से बचा हुआ सोना बरामद कर लिया हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने सोना किसको किसको बेचा था।
डीसीपी (दक्षिण) मृदुल कच्छावा ने बताया कि इस संबंध में केशव विहार कॉलोनी रिद्वि सिद्वि चौराहा गोपालपुरा बाईपास मानसरोवर निवासी राजेश सोनी ने थाने में मामला दर्ज करवाया। जिसमें बताया कि वह गोल्ड ज्वैलरी मैन्यूफेक्चरिंग व विक्रय का कारोबार करता हैं। उसने अपने मकान में बैडरूम की अलमारी के पास दो किलो सोना रखा हुआ था। राजेश का कहना है कि 15 फरवरी को उसे ज्वैलरी की जरूरत पड़ी तो उसने अलमारी खोलकर देखी तो उसमें रखा सोना गायब था। उसने खोए हुए सोने की सभी जगह तलाश की लेकिन पता नहीं चला।
चोरी हुए सोने के 2 बिस्किट्स का वजन 2 किलो था। आरोपियों ने सोना चुराकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर गला दिए, फिर इससे महंगे होटलों में रुका। मौजमस्ती करने विदेशी कॉलगर्ल्स बुलाई, महंगी शराब पी जमकर शॉपिंग की, इतना ही नहीं उसने अपने गांव में दो मंजिला मकान बनाने का काम भी शुरू कर दिया, उसने नौकरी छोड़ दी, उसके लाइफ स्टाइल में बदलाव हुआ तो पुलिस ने उसे पकड़ा और कड़ाई से पूछताछ की, तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें