हिमालय प्रहरी

गदरपुर में चप्पलों से दूल्हे की पिटाई तो बागेश्वर में दूल्हे को मंडप में छोड़ भागी दुल्हन

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर/बागेश्वर. गदरपुर में बारात लेकर जैसे ही एक परिवार धर्मशाला में पहुंचा, वहां मौजूद एक महिला और उसके परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया. देखते ही देखते उस दूल्हे की अच्छी खासी पिटाई शुरू हो गई. थप्पड़ों के बाद जूते चप्पल भी चले. किसी तरह पुलिस दूल्हे को बचाकर थाने ले गई. दूसरी घटना बागेश्वर की है, जहां मंडप में दूल्हा इंतज़ार करता रहा और दुल्हन फरार हो गई. इस मामले में पुलिस इसलिए पहुंची क्योंकि यहां दूल्हा बैरंग न लौटे इसलिए दूसरी लड़की को दुल्हन बनाया जा रहा था.

पहले गदरपुर की घटना देखें तो शहर के कंबोज धर्मशाला में मुरादाबाद से एक बारात पहुंची. दूल्हे द्वारा फीता काटने की रस्म चल ही रही थी कि इसी बीच एक महिला कुछ लोगों के साथ आई और उसने खुद को दूल्हे की पहली पत्नी बताकर हंगामा खड़ा कर दिया. दूल्हा सकपका गया, वहीं दुल्हन पक्ष के लोग हैरान रह गए. पहली पत्नी होने का दावा करने वाली महिला ने दूल्हे पर हाथ छोड़ने के साथ ही चप्पल से पिटाई शुरू कर दी, तो बखेड़ा हो गया.

उसने कहा कि उसके पति पर युवती से दुष्कर्म का आरोप है, वह दहेज का लालची है और इन कारणों से आरोपी उसका उत्पीड़न और मारपीट करता है इसलिए वह मायके में थी. जब उसे सूचना मिली कि मदन दूसरी शादी कर रहा है तो वह यहां पहुंच गई. इधर दूल्हे की पिटाई का लोगों ने वीडियो बना लिया. एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि वह इस मामले में सर्किल ऑफिसर से जानकारी लेकर कार्रवाई करवाएंगे.

इधर, एक दुल्हन शादी के दिन अपने बॉयफ्रेंड के साथ फरार हो गई, तो स्थितियां विचित्र बन गईं. शुक्रवार को दफौट क्षेत्र से एक बारात सात रतबे गांव में पहुंची तो पुलिस और वन स्टॉप सेंटर को नाबालिग की शादी की सूचना मिली. टीम ने कार्यक्रम में पहुंचकर शादी तो रुकवा दी, लेकिन पूछताछ में खुलासा हुआ कि शादी असल में नाबालिग की बड़ी बहन की होनी थी. चूंकि वह कुछ घंटे पहले ही प्रेमी के साथ फरार हो गई, तो परिवार ने लोक लाज बचाने के लिए छोटी बेटी की शादी करने का प्रबंध किया. बहरहाल, दूल्हे और बारात को बैरंग लौटना पड़ा और इधर दुल्हन पक्ष ने कोतवाली में भागी हुई लड़की की गुमशुदगी दर्ज कराई.

Exit mobile version