
पिथौरागढ़: छुट्टी पर घर आए बीआरओ जवान मंगलवार को गोरी नदी में बह गया. स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने जवान की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है.
पिथौरागढ़ की बंगापानी तहसील का रहने वाला बीआरओ जवान राजेंद्र सिंह अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे. राजेंद्र सिंह इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था. राजेंद्र सिंह यही पर एक मकान बनावा रहा था. मकान का निर्माण कार्य देखने के लिए राजेंद्र सिंह गोरी नदी के किनारे गया था. इसी दौरान अचानक नदी को जलस्तर बढ़ गया और वो नदी में बह गया. राजेंद्र के नदी में बहने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई. स्थानीय पुलिस एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंची और राजेंद्र की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
टीम ने राजेंद्र को ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल पाया. अंधेरा होने के कारण शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया गया. बुधवार को फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.