हिमालय प्रहरी

चुनावी रंजिश को लेकर युवक पर फायरिंग, ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पहुंचकर किया सड़क जाम

खबर शेयर करें -

खटीमाः उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान संपन्न हो चुका है, लेकिन चुनावी रंजिश जारी है. इसी कड़ी में खटीमा में चुनावी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक युवक पर गोली दाग दी. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. दिनदहाड़े गोली चलने से नाराज पीड़ित युवक के परिजन ग्रामीणों के साथ मझोला पुलिस चौकी आ धमके. जहां उन्होंने सड़क जाम कर नारेबाजी की. मामला गरमाने के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.

चुनाव खत्म होने के बाद चुनावी रंजिश के मामले सामने आने शुरू हो गए हैं. खटीमा विधानसभा के मझोला पुलिस चौकी क्षेत्र में कुछ युवकों ने एक युवक पर चुनावी रंजिश के चलते फायर कर दी. गोली चलने की आवाज सुन लोग सहम गए. गनीमत रही गोली उसे नहीं लगी. इसकी सूचना पीड़ित युवक हरप्रीत सिंह के परिजनों तक भी पहुंच गई. जिसके बाद परिजन सीधे मझोला पुलिस चौकी पहुंच गए. जहां उन्होंने जाम लगा दिया. पुलिस चौकी पर घंटों जाम लगने से आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

यूपी बॉर्डर पर जाम लगने की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मझोला पुलिस चौकी पहुंचे. जहां हल्का बल प्रयोग कर पुलिस ने बमुश्किल जाम को खुलवाया. एसपी सिटी ममता बोरा ने बताया कि आज एक युवक हरप्रीत सिंह के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है. जिसमें उन्होंने हैप्पी और सरवन सिंह नामक युवक पर चुनावी रंजिश के चलते मारपीट करने और फायर करने का आरोप लगाया है. पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Exit mobile version