हिमालय प्रहरी

जानिए अगले 3 दिन कुमाऊं वह गढ़वाल के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में कैसा रहने वाला है मौसम

खबर शेयर करें -

देहरादून. उत्तराखंड के कुमाऊं में आज 22 जून से मौसम सामान्य होने की उम्मीद है, बस पिथौरागढ़ ज़िले में कहीं कहीं बारिश होने के आसार हैं. बीते शुक्रवार के बाद से लगातार तीन से चार दिनों तक बारिश होने से कई ज़िलों में तापमान गिरा, तो चमोली ज़िले में तो हेमकुंड साहिब में बर्फबारी होने से ठंड काफी बढ़ गई है.

ठंड के बावजूद यहां हेमकुंड गुरुद्वारे और बद्रीनाथ की यात्रा में खासा उत्साह है. इधर, मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार आज से प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क और सामान्य होने जा रहा है, लेकिन तीन दिन बाद ही भीगने के आसार भी हैं.

तीन दिन बारिश और बादलों के बीच गुज़रने के बाद जोशीमठ में आज बुधवार को धूप खिली हुई है. पहाड़ों में आज मौसम सामान्य रहने की उम्मीद जताई जा रही है तो धूप खिलने से बद्रीनाथ में मौसम सुहाना हो रहा है. इसी तरह, केदारनाथ में भी मौसम साफ है, तो उत्तरकाशी के ऊपरी क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, लेकिन निचले हिस्सों में कहीं कहीं धूप खिली है. यानी गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में अभी मौसम साफ नहीं दिख रहा है.

वहीं अल्मोड़ा में चटख धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई तो पिथौरागढ़ में हल्के बादलों के साथ धूप है. टिहरी में भी बादल छाए हुए हैं लेकिन नैनीताल ज़िले के कई शहरों में धूप खिली है. बागेश्वर ज़िले में बादल होने से धूप छांव जैसा मौसम ​है तो देहरादून में भी आसमान साफ ​नज़र आ रहा है.

मॉनसून का इंतज़ार और मौसम की करवट

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के हवाले से खबरें कह रही हैं कि आज से अगले तीन दिन यानी 24 जून तक मौसम साफ रहने की संभावना है. 25 जून की दोपहर से एक बार​ फिर मौसम बदलेगा और 26 जून से करीब एक हफ्ते तक बारिश होने के साथ ही राज्य में दक्षिण पश्चिम मॉनसून की आमद हो जाएगी. इससे पहले भी मौसम विभाग ने उत्तराखंड में मॉनसून के इस बार देर से यानी जून के आखिरी हफ्ते में पहुंचने का अनुमान दिया था.

कहां कैसी है पारे की चाल?

चूंकि मंगलवार को कई जगह बारिश हुई है, तो पारे में गिरावट दर्ज की गई है. पहाड़ों में ठिठुरन जैसी ठंड हो गई है, तो नैनीताल ज़िले में भी कई जगह ठंडक हो गई है. मुक्तेश्वर में तो पारा सामान्य से पांच डिग्री तक कम हो गया है. हल्द्वानी के भी कई हिस्सों में बारिश होने से तापमान घटा, लेकिन अब अगले तीन दिन धूप निकलने के आसार के चलते बताया गया है कि एक बार फिर पारा कई जगह तीन से चार डिग्री तक बढ़ सकता है.

Exit mobile version