हिमालय प्रहरी

टिकट बेचने के आरोप पर बोले हरदा, पार्टी को हरीश रावत जैसी बुराई का इस होलिका में दहन कर देना चाहिए

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: राज्य में विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस जबरदस्त गुटबाजी से जूझ रही है। गत दिवस कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर चुनाव में टिकट के नाम पर बड़ी रकम जुटाने का आरोप लगाया था। जिसके बाद हरदा ने फेसबुक पोस्ट के जरिये पलटवार करते हुए खुद के ही निष्कासन की मांग कर दी। हरीश रावत ने कहा कि पद और पार्टी टिकट बेचने का आरोप बेहद गंभीर है। यह आरोप ऐसे व्यक्ति पर लगा है जो कि मुख्यमंत्री रहा, प्रदेश अध्यक्ष रहा, महासचिव रहा। साथ ही कांग्रेस कार्यसमिति का सदस्य भी है।

बता दें कि हार के बाद संगठन की कमजोरियों और अन्य कारणों की समीक्षा करने की बजाय कांग्रेसी दिग्गज आपस में लडऩे में लगे हैं। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत ने पूर्व सीएम पर बड़ा आरोप लगाया था कि हरीश रावत ने चुनाव में टिकट बांटने के नाम पर एक बड़ी धनराशि एकत्र की थी। टिकट नहीं मिलने पर कुछ लोगों के पैसे वापस कर दिए गए। जबकि बाकी हरदा के मैनेजरों के पास चक्कर काट रहे हैं। अब फेसबुक पोस्ट के जरिये हरदा ने भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मुझ पर आरोप लगाने वाला व्यक्ति खुद कांग्रेस के एक बड़े पद पर हैं। इसलिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि पार्टी इस आरोप की वजह से मुझे निष्कासित कर दे। हरदा ने यहां तक कहा कि हरीश रावत जैसी बुराई का पार्टी को इस होलिका में दहन कर देना चाहिए।

Exit mobile version