![]()
हल्द्वानी : पुलिस व सीपीयू की के खिलाफ चल रही ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल पुलिस उप महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे से हुई वार्ता के बाद सोमवार दोपहर को समाप्त हो गई है। जिससे कुमाऊ भर के व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है।
सोमवार को काठगोदाम सर्किट हाउस में ट्रांसपोर्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने डीआइजी के साथ वार्ता की। जिसमें ट्रांसपोर्टरों का कहना था कि ट्रकों का एक रूट पर कई बार चालान कर दिया जाता है। जिससे ट्रांसपोर्टरों को अपने वाहनों को सड़क पर चलाना मुश्किल हो गया है। डीआइजी ने पुलिस की कार्यशैली में बदलाव करने के साथ ट्रक मालिकों व पुलिस को एक-दूसरे से सम्मानजनक व्यवहार करने की बात कही। वार्ता में निर्णय लिया गया कि भार वाहन का एक ट्रिप में एक विषय पर एक से अधिक बार चालान नहीं होगा। सीपीयू वाहनों की चेकिंग नगर क्षेत्र के भीतर ही करेगी। मोटर मालिक अपने चालकों को यातायात नियमों के पालन की हिदायत देंगे, पुलिस कर्मी मर्यादापूर्ण व्यवहार के साथ अपना काम करेंगे। पुलिस कोटा पूरा करने के बजाय व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से चालान करेगी, कोई शिकायत होने पर ट्रांसपोर्टर उच्चाधिकारियों को अवगत करा सकते हैं। जिसके बाद ट्रांसपोर्टरों ने डीआइजी के आश्वासन पर आंदोलन तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।