हिमालय प्रहरी

दिन में संजय राउत पर ईडी की कार्रवाई, रात में गडकरी पवार की डिनर पार्टी, फिर मोदी से मुलाकात, क्या है यह सियासी गरमाहट

खबर शेयर करें -

महाराष्‍ट्र में राजनीत‍ि उठापटक जारी है। एक ओर केंद्रीय जांच एजेंस‍ियां तोबड़तोड़ कार्रवाई कर रही हैं तो वहीं दूसरी ओर सियासी गरमाहट भी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को दिन में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने श‍िवसेना नेता संजय राउत पर कार्रवाई कर उनकी संपत्‍त‍ि कुर्क की तो वहीं दूसरी ओर रात में राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार के डिनर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी पहुंचे। पार्टी में संजय राउत सह‍ित दूसरे कई नेता भी मौजूद थे। अगली सुबह बुधवार को शरद पवार दिल्‍ली में पीएम मोदी से लंबी मुलाकात करते हैं।

महाराष्‍ट्र में शरद पवार ने मंगलवार को विधायकों को रात के खाने पर बुलाया था। सभी दलों के नेता संसद में एक प्रश‍िक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्‍ली में जुटे हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण, जो महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य भी हैं, ने कहा कि पहली बार महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने गए विधायकों को लोकसभा सचिवालय द्वारा एक कार्यक्रम के लिए दिल्ली बुलाया गया है। 5 अप्रैल से 6 अप्रैल को इनकी ट्रेनिंग होगी। इस अवसर को खास बनाने के लिए हमने भी एक डिनर पार्टी रखी। इसके अलावा कुछ भी नहीं है।

क्‍या पार्टी में ईडी की काईवाई पर बात हुई?
मंगलवार को दिन में ईडी ने संजय राउत पर कार्रवाई की जिसके बाद उन्‍होंने केंद्रीय जांच एजेंस‍ियों पर कई सवाल खड़े किए। उन्‍होंने आरोप लगाया क‍ि उन पर सरकार ग‍िराने का दबाव बनाया जा रहा। मना करने पर बदले के तहत उन पर कार्रवाई हुई। राउत ने रात में नितिन गडकरी के साथ डिनर किया। क्‍या वहां ईडी की कार्रवाई पर बात हुई? डिनर पार्टी में मौजूद एक एनसीपी विधायक के हवाले से खबरों में बताया जा रहा क‍ि इस डिनर पार्टी में संजय राउत पर हुई कार्रवाई से जुड़ी कोई चर्चा नहीं हुई।

दिल्‍ली में मोदी-पवार की मुलाकात
रात में डिनर पार्टी के बाद अगले दिन राकंपा प्रमुख शरद पवार संसद भवन पर‍िसर में पीएम मोदी से मिले। कांग्रेस के विधायक महाराष्‍ट्र सरकार के रवैये से पहले से ही नाराज चल रहे हैं। नाराज विधायकों ने सोनिया गांधी से सरकार की श‍िकायत भी की है। उधर पवार महाराष्‍ट्र की ठाकरे सरकार की कुछ नीत‍ियों को लेकर मुखर भी हो चुके हैं। ऐसे में उस मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो मोदी और शरद पवार के बीच महाराष्‍ट्र के मुद्दों के अलावा केंद्रीय जांच ऐजेंसियों को लेकर बातचीत हुई। पवार और मोदी इससे पहले जुलाई 2021 में मिले थे। तब दोनों के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई थी।

2014 में बीजेपी के साथ शरद पवार
पवार की मोदी से मुलाकात को लेकर कयास ऐसे ही नहीं लगाए जा रहे। इसी साल फरवरी में पीएम मोदी ने पवार की खूब तारीफ की थी। मोदी ने राज्‍य सभा में राष्‍ट्रपति के अभ‍िभाषण पर चर्चा के समापन भाषण में तीन बार शरद पवार का उल्‍लेख किया था। उन्‍होंने कहा क‍ि इस उम्र में भी पवार तमाम बीमारियों के बावजूद राज्‍य के लोगों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। पीएम मोदी ने राहुल गांधी को पवार से सीखने तक की राय दे डाली थी।

वर्ष 2014 में महाराष्‍ट्र में बीजेपी ने शरद पवार की पार्टी एनसीपी की मदद से ही राज्‍य में सरकार बनाई थी। तब बीजेपी को 123, श‍िवसेना को 62, कांग्रेस को 42 और एनसीपी को 41 सीटें मिली थीं। बीजेपी को सरकार बनाने के लिए 22 विधायकों की जरूरत थी। तब शरद पवार ने सार्वजनिक रूप से बीजेपी को समर्थन दिया था। तब शरद पवार ने कहा था क‍ि ह‍ित के लिए राज्‍य में एक सरकार होनी चाह‍िए।

Exit mobile version