हिमालय प्रहरी

दून एक्सप्रेस चलती ट्रेन में दरवाजा बंद करते समय टीटीई गिरा नीचे, हुई मौत

खबर शेयर करें -

दून एक्सप्रेस से गुरुवार रात टीटीई की गिरकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही मंडल मुख्यालय से सुपरवाइजर बिजनौर पहुंच गए और परिवार वालों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

हादसा कैसे हुआ अभी इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। लेकिन माना जा रहा है कि टीटीई कोच का दरवाजा बंद करते समय ट्रेन से नीचे गिर गया होगा। टीटीई की दून एक्सप्रेस ट्रेन में हरिद्वार से लखनऊ तक की ड्यूटी थी। हादसा मेवा नवादा स्टेशन के पास हुआ।

योगनगरी से हावड़ा जाने वाली दून एक्सप्रेस में हरिद्वार के टीटीई रवि कुमार मीणा ड्यूटी कर रहे थे। उनकी ड्यूटी हरिद्वार से लखनऊ तक थी। गुरुवार रात दो बजे ट्रेन स्योहारा से कांठ के बीच मेवा नवादा के बीच गुजर रही थी। चलती ट्रेन से टीटीई गिर पड़ा। इसकी सूचना पास के गेटमैन ने दी। घायल हालत में उठाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। टीटीई के कोट से पहचान पत्र आदि मिला, उसके बाद टीटीई की पहचान हो पायी। मुरादाबाद ट्रेन पहुंचने पर चेकिंग टीम ने ट्रेन के यात्रियों से घटना को लेकर पूछताछ की। सिविल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।

मंडल मुख्यालय से सुबह सुपरवाइजर पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और परिवार वालों को अंतिम संस्कार करने के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि ट्रेन से टीटीई के गिरने का कोई कारण नहीं पता चला है। माना जा रहा है कि चलती ट्रेन में दरवाजा बंद करते समय टीटीई नीचे गिर गया होगा।

Exit mobile version