हिमालय प्रहरी

धामी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी ने फिर जीता दिल, खूब हो रही चर्चा, फोटो वायरल, देखें

खबर शेयर करें -

देहरादूनः पुष्कर सिंह धामी नीत सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘उत्तराखंडी टोपी’ में नजर आए। पीएम मोदी गणतंत्र दिवस के अवसर पर भी यही टोपी पहने हुए थे। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पारंपरिक परिधान धारण कर राज्यवासियों का दिल जीत लिया। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तथा उससे पहले भी मोदी कई बार ‘उत्तराखंडी टोपी’ में नजर आए हैं। स्वयं मुख्यमंत्री भी समारोह में ऐसी ही काली पहाड़ी टोपी पहनकर आए थे।

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाली सोमेश्वर से विधायक रेखा आर्य भी अपनी पारंपरिक कुमांउनी वेशभूषा में नजर आईं जिसकी कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने भी प्रशंसा की। अपने फेसबुक पोस्ट में रावत ने शपथ ग्रहण करती आर्य की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है ‘शाबाश उत्तराखंडियत’।

चौबट्टाखाल से विधायक सतपाल महाराज भी मंत्री पद की शप​थ लेने चमकदार पीला साफा पहनकर पहुंचे और मंच पर आकर्षण का केंद्र बने रहे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पहली बार मंत्री बने ऋषिकेश के विधायक प्रेम चंद्र अग्रवाल ने संस्कृत में शपथ लेकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने अपनी विधानसभा सदस्यता की शपथ भी संस्कृत में ली थी।

समारोह में बड़ी संख्या में साधु-संतों की उपस्थिति ने भी सबका ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया। उनके लिए अलग से बनाए गए मंच पर जाकर धामी ने उनके पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं की जबरदस्त नारेबाजी के बीच संपन्न समारोह में धामी के साथ आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली जिसमें से पांच—सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धनसिंह रावत, सुबोध उनियाल और रेखा आर्य भाजपा नीत पूर्ववर्ती सरकारों का भी हिस्सा रहे हैं। धामी मंत्रिमंडल में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ​सहित तीन नए चेहरों को भी जगह दी गयी है।

Exit mobile version