शहर के तल्लीताल बाजार क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क किनारे एक युवक के बेसुध पड़ा मिला। इस खबर से पूरे नगर में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आपातकालीन एंबुलेंस 108 की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद होश में आए युवक की पहचान मेरठ निवासी डॉ मंजुल के रूप में हुई।
युवक के शरीर में नहीं हो रही थी कोई हलचल
नैनीताल में इस समय पर्यटकों (tourist in Nainital) की आमद बनी हुई है। त्यौहार में लंबी छुट्टी पड़ने के कारण भी कई लोग दिवाली मनाने के लिए नैनीताल पहुंचे हुए हैं। इससे नगर में चहल पहल है। इस चहल पहल के बीच ही रविवार सुबह सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह तल्लीताल पिछाड़ी बाजार में एक युवक दुकानों के सामने बेसुध पड़ा मिला। युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं होने से दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, अस्पताल भिजवाया
व्यापारियों की सूचना के बाद कांस्टेबल चनीराम आर्य अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्ट्रेचर और आपातकालीन एंबुलेंस 108 की मदद से युवक को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे भर्ती कर उपचार दिया गया।
अधिक शराब पीने से हो गया था बेसुध
एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि युवक के पास मिले आधारकार्ड से उसकी पहचान मेरठ निवासी डॉ मंजुल के रूप में हुई है। युवक ने होश में आने के बाद बताया कि शराब का नशा अधिक होने के कारण वह रात को गिर गया था। सुबह होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया। उन्होंने बताया कि युवक की हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें