हिमालय प्रहरी

पंचक समाप्त होने के बाद चार लाख से अधिक कांवड़ यात्री नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर चुके, क्रम अभी भी जारी

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में बुधवार को पंचक का साया खत्म हो गया है। पंचक समाप्त होने के बाद प्राचीन श्री नीलकंठ महादेव में श्रद्धालु उमड़ पड़े।

बुधवार को देर रात तक चार लाख से अधिक कांवड़ यात्री नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर चुके थे।

इस बार शुरुआत में ही था पंचक का साया

14 जुलाई से आरंभ हुई कांवड़ यात्रा में इस बार शुरुआत में ही पंचक का साया पड़ गया था, जिससे कांवड़ यात्रा शुरुआत में कुछ धीमी रही। मगर, श्रावण के पहले सोमवार को कांवड़ यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई। इसके बाद से लगातार नीलकंठ मंदिर पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या में वृद्धि जारी है।

कांवड़ यात्रियों का लगा रहा तांता

बुधवार को भी तीर्थनगरी क्षेत्र कांवड़ यात्रियों से खचाखच भरा रहा। नीलकंठ पैदल मार्ग पर धाम से आने व जाने वाले श्रद्धालुओं की अटूट भीड़ लगी रही। जबकि नीलकंठ मंदिर परिक्षेत्र में जलाभिषेक के लिए लिए कांवड़ यात्रियों का तांता लगा रहा।

जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार

कांवड़ यात्रियों की भीड़ बढ़ने के बाद नीलकंठ में दिन रात जलाभिषेक का क्रम जारी है। सिर्फ विशेष पूजा तथा भोग के लिए ही मंदिर को कुछ समय के लिए बंद किया जा रहा है।

बुधवार सुबह से ही नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। दोपहर बाद पैदल तथा सड़क मार्ग से यात्रियों के पहुंचने के बाद यहां जलाभिषेक की लाइन डेढ़ किमी तक लंबी हो गई।

वर्षा के कारण बढ़ी फिसलन

दिन में कई बार हुई मूसलाधार वर्षा के बावजूद भी कांवड़ यात्री जलाभिषेक के लिए लाइन में खड़े रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी खूब पसीना बहाना पड़ा। पैदल मार्ग पर वर्षा के कारण फिसलन भी बढ़ी, जिससे कुछ यात्री यहां फिसल भी गए।

जारी है जलाभिषेक का क्रम

पुलिस कंट्रोल रूम के मुताबिक बुधवार रात आठ बजे तक तीन लाख 81 हजार 498 कांवड़ यात्री नीलकंठ मंदिर में जलाभिषेक कर चुके थे। जबकि देर रात तक मंदिर में जलाभिषेक का क्रम जारी था।

12 लाख से ज्‍यादा कर चुके जलाभिषेक

देर रात तक जलाभिषेक करने वाले दैनिक श्रद्धालुओं की संख्या चार लाख के पार पहुंच गई थी। नीलकंठ में श्रावण मास में अब तक कुल 12 लाख 89 हजार 666 यात्री जलाभिषेक कर चुके हैं।

नीलकंठ में क्यूआरटी और एटीएस ने संभाला मोर्चा

नीलकंठ महादेव मंदिर में कांवड़ यात्रियों की संख्या में हुई भारी वृद्धि के बाद सुरक्षा की दृष्टि से नीलकंठ में पुलिस की क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) तथा एटीएस (आतंक रोधी दस्ता) ने भी मोर्चा संभाल लिया है।

इस बार केंद्र सरकार की ओर कांवड़ यात्रा में आतंकी हमले की आशंका भी जताई गई है, जिसे देखते हुए सुरक्षा को लेकर खासे इंतजाम किए जा रहे हैं। नीलकंठ चौकी प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से नीलकंठ मंदिर में चेकिंग तथा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। क्यूआरटी तथा एटीएस की टीम ने भी क्षेत्र में जांच की।

आज और बढ़ जाएगी कांवड़ यात्रियों की संख्या

पंचक खत्म होने के बाद गुरुवार को और अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के पहुंचने की उम्मीद है। बुधवार शाम तक ऋषिकेश तथा आसपास क्षेत्र में बनाई गई अस्थायी पार्किंग वाहनों से पैक होने लगी थी। इसके साथ ही अब डाक कांवड़ के पहुंचने का क्रम भी शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री जल लेने के लिए गोमुख भी जा रहे हैं।

Exit mobile version