पंतनगर। न्यायालय परिसर में दो वकील आपस में भिड़ गए। इनमें से एक पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला अधिवक्ता ने अपने अधिवक्ता बेटे के पक्ष में शिकायत करते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
महिला अधिवक्ता उमा गक्खर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके साथ उनका पुत्र नितिन गक्खर भी वकालत करता है। आवास विकास रुद्रपुर निवासी संतोष नारंग का उसकी पत्नी हरलीन कौर से विवाद चल रहा है, जिसका केस वह लड़ रही हैं। आरोप है कि संतोष नारंग उसकी पत्नी का मुकदमा छोड़ने के लिए दबाव बनाते हुए मुंहमांगी कीमत देने की बात कहने के साथ ही जान से मरवाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में पूर्व में भी एक अगस्त को एक शिकायती पत्र जिला बार एसोसिएशन व एसएसपी को दिया था।
आरोप है कि बुधवार को वह कोर्ट में हरलीन के प्रार्थनापत्र पर बहस कर कोर्ट से बाहर निकलीं तो संतोष नारंग ने उन्हें व उनके पुत्र नितिन को घेर लिया और गालीगलौज करते हुए हरलीन की फाइल छीनने की कोशिश की। दोपहर 1:50 बजे उनका पुत्र उक्त फाइल लेकर नकल विभाग की ओर जाने के लिए जेएम कोर्ट से आगे को निकला तो संतोष नारंग ने नितिन के हाथ से हरलीन के केस की फाइल जबरदस्ती छीन ली और मारपीट की। शोरगुल सुनकर काफी अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए, जिनके बीचबचाव करने पर संतोष नारंग फाइल लेकर भाग गया।
पुलिस ने आरोपी संतोष नारंग के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं अधिवक्ता संतोष नारंग का आरोप है कि समझौता करने के लिए उनसे 40 लाख रुपये मांगे जा रहे थे। रुपये देने से मना करने पर उनके ऊपर हमला किया गया। उन्होंने सोने की चेन लूटने के साथ ही एसिड अटैक का आरोप लगाते हुए पंतनगर थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें