नोएडा- ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र के घरबरा गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। तीन माह पहले शादी करके महिला की पति ने भाई-भाभी के साथ मिलकर रविवार देर रात हत्या कर दी। पति ने पहले सिर पर हथौड़ी मारी और सांस चलती देखकर कुल्हाड़ी से गला काट दिया। आरोपी सात दिन पहले ही महिला को मायके से ससुराल लाया था। पुलिस ने आरोपी पति रवि, भाई रोहित और भाभी कंचन को गिरफ्तार कर मायके पक्ष की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।

सेक्टर-36 निवासी काजल का विवाह घरबरा गांव निवासी रवि से मार्च में हुआ था। रवि एक कंपनी में कैंटीन चलाता है। शनिवार रात रवि और काजल का विवाद हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि रवि, भाई रोहित व भाभी अतिरिक्त दहेज की मांग पर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। मायके पक्ष के मांग पूरी नहीं करने पर रवि ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर काजल की रात दो बजे हत्या कर दी। ईकोटेक-1 थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि रवि ने पहले काजल के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। इसके बाद जब उसने देखा कि काजल की सांस चल रही है, तो आरोपी ने कुल्हाड़ी से वारकर गर्दन काट दी। आरोपी ने गर्दन पर कई वार किए।
पुलिस को खुद शव के पास ले गया
संगीन वारदात के बाद भी रवि के चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखाई दी। एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें आरोपी अपने घर पर रहकर पुलिस का इंतजार कर रहा है। आरोपी पुलिस को खुद उस कमरे तक ले गया, जहां काजल का लहूलुहान शव पड़ा था। आरोपी खुद कमरे का दरवाजा खोलकर पुलिस को अंदर ले गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद ही सूचना दी, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।
पति के अवैध संबंध की बात भी आई सामने
पुलिस का कहना है कि काजल को रवि पर किसी महिला से अवैध संबंध होने का शक था। वह इसका विरोध करती थी। अतिरिक्त दहेज भी मांगा जा रहा था। विवाद के कारण काजल गुस्सा होकर मायके गई थी, लेकिन आरोपी ने काजल से कहा कि उसे खाना भी नहीं मिल पाता है। आरोपी ने काजल को किसी तरह मनाया और सात दिन पहले घर ले आया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें