हिमालय प्रहरी

पत्नी का बलात्कार करा हत्या करवाने के आरोप में पति गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

बनगांव : बनगांव अंचल के पेट्रापोल थाने की पुलिस ने हत्यारों को पैसे देकर पत्नी से दुष्कर्म कराने और फिर उसकी हत्या करवा देने के आरोप में अभियुक्त पति को गिरफ्तार किया। आरोप है कि अभियुक्त को अपनी पत्नी पर संदेह था कि उसका कुछ आदमियों के साथ अवैध संबंध है जबकि इसी तरह की शिकायत पत्नी फातिमा मोल्ला ने की थी।

एक ही कारणों से दोनों के बीच दांपत्य कलह लगा रहता था ​जिसका परिणाम इतने भयावह रूप में सामने आया। शनिवार को इस घटना के सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गयी। मिली जानकारी के अनुसार गत बुधवार को वह अचानक ही लापता हो गयी थी कि जिसके दूसरे दिन यानी गुरुवार को पेट्रापोल के जयंतीपुर इलाके में बांसबागान से फातिमा का शव बरामद किया गया। उसके गले को दुपट्टे से कसकर उसकी हत्या कर दी गयी थी।

इसकी छानबीन के क्रम में पुलिस को बेटे सद्दाम से पूछताछ के बाद पता चला कि अभियुक्त पति ने ही ऐसा किया है क्योंकि उसने पिता को हत्यारों से बातचीत करते हुए सुना था। यहां तक कि उसने जैसी धमकी फातिमा को दी थी उसी तरह की घटना उसके साथ घटी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि पैसे देकर उसने पत्नी की हत्या के पहले अपराधियों को उससे बलात्कार करने को कहा था जिसके बाद उसकी हत्या करवा दी।

18 साल पहले गोपालनगर थाना के मैहेरपुर निवासी फातिमा की शादी जयंतीपुर निवासी समिउल से हुई थी। उनके एक बेटा और बेटी है। पुलिस ने अभियुक्त को कोर्ट में पेश करते हुए 8 दिनों की हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू की। बताया गया है कि गत बुधवार को उसके ही एक परि​चित व्यक्ति से फोन करवाकर अभियुक्तों ने उसे सीमाई इलाके में बुलवाया था। आरोप है ​कि फातिमा के वहां पहुंचने पर हत्यारा उसे बांसबागान में खींच ले गया, ​जहां उससे बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ के जरिये हत्यारे तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मामले में अभियुक्त के 15 साल के बेटे सद्दाम ने पुलिस को बताया कि मां के लापता होने की रात ही उसने अपने ​पिता को थाने में शिकायत करने को कहा था मगर अभियुक्त पिता ने ऐसा नहीं किया। वहीं उसने अभियुक्त को फोन पर भी किसी से लगातार बात करते हुए सुना था जिसको लेकर उसे संदेह हुआ कि उसकी मां के बारे में पिता को सारी बातें पता है। सद्दाम का कहना है कि वह चाहता है ऐसा अपराध करने वाले उसके पिता को फांसी हो। पुलिस मां के हत्यारे को भी गिरफ्तार करे। घटना के संबंध में बनगांव जिला पुलिस अधीक्षक तरुण हाल्दार ने कहा कि पूछताछ में सामने आया है कि अभियुक्त ने रुपये देकर हत्यारे से ऐसा करवाया है। उस तक पहुंचने की कोशिश पुलिस कर रही है हालांकि उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट कहा जा सकता है कि हत्या के पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ था कि नहीं।

Exit mobile version