समस्तीपुर. बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. पुलिस हिरासत में एक शख्स ने आत्महत्या कर ली है. शख्स द्वारा सुसाइड करने की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई. बताया जाता है कि मृतक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली. पुलिस विभाग का कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है. युवक ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या क्यों की? फंदा लगाने के लिए सामान कहां से आया? शख्स जब आत्महत्या की कोशिश कर रहा था तो वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद क्यों नहीं था? ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब देने से पुलिसवाले बच रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, पुलिस कस्टडी में युवक द्वारा सुसाइड करने का मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र से जुड़ा है. बताया जाता है कि युवक की पत्नी से विवाद हो गया था. महिला की शिकायत पर उनके पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. इसके बाद हिरासत में ही युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. मृतक की पहचान मुफस्स्लि थाना क्षेत्र के हकीमाबाद निवासी मोहम्मद गुलाब के तौर पर की गई है. पुलिस अधिकारियों से हिरासत में युवक द्वारा सुसाइड करने को लेकर सवाल पूछा गया तो वे कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं.