हिमालय प्रहरी

पत्नी को रंग लगाए जाने से गुस्साए व्यक्ति ने दोस्त को मारी गोली

खबर शेयर करें -

होली के दिन पत्नी को रंग लगाए जाने से गुस्साए व्यक्ति ने अपने दोस्त को गोली मार दी। घटना शुक्रवार की दोपहर रिजेंट पार्क थानांतर्गत नतूनपल्ली इलाके की है। हमले में व्यक्ति के पेट में गोली लगी। उसे रक्तरंजित अवस्था में एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतक का नाम दिलीप चौहान है। वह यूपी का रहनेवाला था और पेशे से बादाम विक्रेता था। मामले की जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के एआरएस और रिजेंट पार्क थाने के पुलिस कर्मियों ने 24 घंटे के अंदर अभियुक्त सुजीत मल्लिक को फलता से गिरफ्तार किया है। । घटना के बाद रिजेंट पार्क थाना के पुलिस कर्मियों के अलावा होमीसाइड विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया।


क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर जब दिलीप अपने रिश्तेदारों के साथ घर में मौजूद था तभी अभियुक्त सुजीत बाइक से आया और घर के अंदर घुसकर उसे गोली मार दी। दिलीप को गोली मारने के बाद अभियुक्त घटनास्थल से फरार हो गया। घायल दिलीप को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृत दिलीप चौहान के एक रिश्तेदार ने बताया कि पहले से कोई विवाद नहीं था। किसी तरह का झगड़ा भी नहीं हुआ था। घटना से पहले अभियुक्त सुजीत मल्ल‌िक भी दिलीप के घर में था। वे लोग एक साथ खाना खाने के साथ ही शराब भी पी रहे थे। घटना के एक घंटे पहले सुजीत वहां से निकल गया और फिर वापस आकर उसने दिलीप को गोली मार दी। घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने दिलीप के परिवार और स्थानीय लोगों से बातचीत की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की सुबह अभियुक्त सुजीत मल्ल‌िक की पत्नी के शरीर पर दिलीप चौहान रंग लगाने गया था। उस दौरान दिलीप ने कुछ अश्लील मंतव्य किया था। उस समय कुछ नहीं हुआ। बाद में सुजीत जब दिलीप के घर से अपने घर लौटा तो उसकी पत्नी ने उसे घटना की जानकारी दी और फिर सुजीत कहीं से बंदूक लेकर आया और दिलीप को गोली मार दी। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए पुलिस ने बाइक के नंबर को चिह्नित किया । इसके बाद फलता इलाके में छापामारी कर पुलिस ने अभियुक्त को धर-दबोचा।

Exit mobile version