राजू अनेजा, काशीपुर। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उधम सिंह नगर को एक नई सौगात मिली है ।
ऊधमसिंह नगर के गूलर भोज और नानकमत्ता जलाशय में सी प्लेन के राज्य सरकार के प्रस्ताव को केंद्र से स्वीकृति मिल गई है।
सूबे के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने आज यहाँ एक पत्रकार वार्ता में विस्तार से पूरी जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र को राज्य सरकार की ओर से इस आशय का प्रस्ताव भेजा गया था जिसे केंद्र सरकार द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि 10 मार्च के बाद राज्य सरकार तथा सी प्लेन का संचालन करने वाली संस्था के बीच इसके लिए अनुबंध किया जायेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में ऊधमसिंह नगर को केंद्र की ओर से यह बड़ी सौगात है जिसका पूरा फायदा यहां के पर्यटन व्यवसायियों को मिलेगा।शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने इसके लिए केंद्र सरकार विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि 10 मार्च के बाद उत्तराखंड में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक बार सूबे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ही नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। मोदी जी के जनोपयोगी कार्यों के चलते उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को भरपूर मत दिये हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के नगर महामंत्री अभिषेक गोयल तथा पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक मौजूद रहे।