
देहरादून: प्रदेश में मॉनसून की बारिश लगातार जारी है. मूसलाधार बारिश के कारण प्रदेश में कई छोटे-बड़े मार्ग बंद हैं. जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है. उत्तराखंड आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार 27 जुलाई शाम 5 बजे तक प्रदेश में 103 छोटे-बड़े मार्ग बंद हैं, जिन्हें खोलने की कार्रवाई लगातार जारी है.
उत्तरकाशी जिले में लमगांव घनसाली तिलवाड़ा मोटर मार्ग साड़ा के पास 18 जुलाई को बादल फटने के कारण पुल क्षतिग्रस्त हुआ था. जहां पर पुल बनाने की कार्यवाही जारी है. वहीं इसके अलावा उत्तरकाशी में 8 ग्रामीण मोटर मार्गबंद हैं. जिन्हें खोलने का काम जारी है. देहरादून जिले में 2 राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं.
चमोली जिले में ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग NH-58 यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया है. वहींं, इसके अलावा चमोली में 21 ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं. हरिद्वार जिले में गंगा नदी का जलस्तर 292.55 मीटर पर है. जबकि खतरे का स्तर 294.00 मीटर है.
रुद्रप्रयाग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 107 रामपुर के समीप मलबा आने के कारण बंद है. वहीं, इसके अलावा एक ग्रामीण मोटर मार्ग भी अवरुद्ध हैं. जिसे खोलने के प्रयास जारी हैं. पौड़ी जिले में 23 ग्रामीण सड़कें अलग-अलग जगहों पर बंद हैं. जिन्हें खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग लगातार काम कर रहा है.
टिहरी जिले में 7 ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं.वहीं, टिहरी बांध भी अपने अधिकतम जलस्तर 830 मीटर से नीचे 791.17 मीटर पर है. बागेश्वर जिले में 3 ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं. नैनीताल जिले में भी 2 ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हैं.
स्टेट डिजास्टर कंट्रोल रूम से मिली सूचना के अनुसार अल्मोड़ा जिले में हालात सामान्य हैं. यहां कोई भी मोटर मार्ग अवरुद्ध नहीं है.उधम सिंह नगर के अंतर्गत कोई भी सड़क अवरुद्ध नहीं है. यहां भी हालात सामान्य हैं.
चंपावत जिले में टनकपुर चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग NH-09 स्वाला और भारतोली के पास भूस्खलन होने की वजह से बंद है. इसके अलावा 10 अन्य ग्रामीण मोटर मार्ग भी अवरुद्ध हैं. पिथौरागढ़ जिले में 2 बॉर्डर रोड और 7 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं. जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें