बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। छुट्टी के समय हुई इस भिड़ंत में दो छात्र घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में भर्ती कराया गया है।
छात्रों की आपसी लड़ाई में विद्यालय के बाहर से आए लड़कों के शामिल होने का भी आरोप है।
शनिवार की दोपहर के विद्यालय की छुट्टी के बाद सभी विद्यार्थी घर को जा रहे थे। अचानक विद्यालय के गेट में छात्रों के दो गुट आपस में लड़ने लगे। कुछ ही देर में विद्यालय का गेट लड़ाई का अखाड़ा बन गया। छात्रों में लात-घूंसे, मुक्के चलने लगे। विद्यालय के शिक्षकों की ओर से लड़ाई होने की सूचना डंगोली पुलिस को दी गई।
डंगोली पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे तब तक झगड़े में दो छात्र चोटिल हो चुके थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दसवीं में पढ़ने वाले छात्र की इंटर के छात्रों के साथ झड़प होने की जानकारी मिली है। पूर्व में भी इन छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था। इस बार दसवीं का छात्र बाहरी लड़कों को भी बुलाकर लाया था। जिनकी मदद से उसने इंटर में पढ़ने वाले दो छात्रों से मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया।
प्रधानाचार्य दीपक कुमार ने बताया कि झगड़े के कारणों का पता नहीं चला है। दो छात्रों को चोट लगी थी, जिनका सीएचसी बैजनाथ में उपचार चल रहा है। इधर, थानाध्यक्ष बैजनाथ कैलाश सिंह बिष्ट ने कहा कि छात्रों की लड़ाई की सूचना के बाद पुलिस विद्यालय में गई थी। हालांकि मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।