हिमालय प्रहरी

बाजपुर में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, पिस्टल से युवक के पैर में मारी गोली

खबर शेयर करें -

चार-पांच हमलावर कार से पहुंचे थे हमला करने, मारपीट में तीन घायल; गोली लगने से ऋषिपाल की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

 

राजू अनेजा,बाजपुर। पुरानी रंजिश को लेकर रविवार देर रात बिरहा फार्म क्षेत्र में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान पिस्टल से 38 वर्षीय ऋषिपाल के दाएं पैर में गोली मार दी गई। पिस्टल की बट से हमला किए जाने समेत मारपीट की घटना में तीन लोग घायल हो गए। गोली लगने से ऋषिपाल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक भौना कॉलोनी निवासी ऋषिपाल (38) पुत्र भूरे, बिरहा फार्म निवासी अजय सिंह (27) पुत्र ओमप्रकाश सिंह और रेंहटा निवासी वंश राठौर (23) को निशाना बनाने के लिए चार-पांच लोग कार से बिरहा फार्म पहुंचे थे। वहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।
आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने पिस्टल से ऋषिपाल के दाएं पैर में गोली मार दी। वहीं अजय सिंह पर पिस्टल की बट से हमला किया गया, जबकि वंश राठौर के साथ भी जमकर मारपीट की गई। अचानक हुई गोलीबारी और मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में घायल तीनों को उपचार के लिए बाजपुर के उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। ऋषिपाल और अजय सिंह को अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि वंश राठौर को निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार ऋषिपाल के पैर में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।

 

गोलीकांड की सूचना से पुलिस में मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही बरहैंनी चौकी प्रभारी सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। गोली चलने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

तहरीर के बाद होगी कार्रवाई
बरहैंनी चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
वहीं उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तैयब ने बताया कि एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया।

Exit mobile version