हिमालय प्रहरी

भाई से नाराज होकर अपने ही घर में डलवाई फर्जी इनकम टैक्स रेड

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: वाल्मीकि नगर में एक युवक ने अपने ही घर में फर्जी इनकम टैक्स रेड डलवायी. मामले में पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, बड़े भाई से नाराज छोटे भाई ने अपने ही घर में फर्जी रेड की साजिश रची थी.

ऋषिकेश के वाल्मीकि नगर में पकड़े गए तीनों आरोपी अपने दो साथियों के साथ मिलकर संदीप के घर छापेमारी करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने फर्जी सर्च वारंट और फर्जी इनकम टैक्स कार्यालय की आईडी दिखा कर छापेमारी शुरू कर दी. वहीं, छापेमारी के दौरान घर में रखा कैश और ज्वेलरी लेने के बाद तीनों फर्जी अधिकारी बिना कोई कागज दिए घर से भागने लगे. वहीं, शक होने पर संदीप ने हल्ला कर मोहल्ले के लोगों को एकत्रित कर लिया. लोगों ने तीन युवकों को तो पकड़ लिया, लेकिन उनका एक साथी अपनी महिला मित्र के साथ ज्वेलरी लेकर फरार हो गया.

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संदीप की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास में जुटी है. पकड़े गए दो आरोपी फरीदाबाद, दिल्ली और एक आरोपी गुमानीवाला ऋषिकेश का रहने वाला है.

अपने ही घर में करवायी फर्जी रेड: कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि षड्यंत्र के तहत संदीप के घर छापेमारी की गई है. जिसमें संदीप का भाई ही मास्टरमाइंड है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है.

Exit mobile version