हिमालय प्रहरी

मेरी छवि को धूमिल कराने का प्रयास कर रहे हैं पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल-विधायक चीमा

खबर शेयर करें -

काशीपुर । काशीपुर के मौजूदा विधायक हरभजन सिंह चीमा ने अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान अपनी छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुये अपनी ही पार्टी के पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल और नरूला पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल और भाजपा नेता जे एस नरूला मेरी छवि धूमिल करने के लिए अनर्गल हथकंडे अपना रहे हैं तथा उन्होंने मेरे खिलाफ बगैर किसी कानूनी ठोस आधार के चुनाव याचिका दायर की। लेकिन जीत अंत में सच्चाई की हुई।

अपने कार्यालय में बुलाई गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा ने अपनी ही पार्टी के राजीव अग्रवाल और जे एस नरूला पर नाराजगी जाहिर करते हुए विधायक चीमा ने कहा कि राजीव अग्रवाल और जे एस नरूला ये दोनों इतनी भी समझ नहीं रखते और अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करते हैं। विधायक चीमा ने कहा कि यदि राजीव अग्रवाल चुप भी बैठना चाहें तो जे एस नरूला उन्हें चुप नहीं बैठने देंगे। उन्होंने कहा कि ये दोनों भारतीय जनता पार्टी से कितनी बार निकाले जा चुके हैं।

शहर में अमृत योजना के तहत सड़कों पर पेयजल व्यवस्था के लिए जल निगम ने कई स्थानों पर सड़कों को खोद दिया है। कई बैठकें कर इन सड़कों की मरम्मत के लिए जल निगम को बताया गया लेकिन इनक द्वारा खुदाई से सडकें ध्वस्त हो गई। चीमा ने बताया कि जल निगम के अनुसार संबंधित कार्य के प्रति नगर निगम को राशि का भुगतान किया गया है। अतः मरम्मत की जिम्मेदारी नगर निगम की होती है। चीमा ने बताया कि निगम को किया गया भुगतान मरम्मत में होने वाले खर्च के सापेक्ष बहुत कम है।

पार्टी मौका देगी तो वह चुनाव जरूर लड़ेंगे अन्यथा जिसको भी टिकट मिलेगा उसको पूरी ताकत से लड़ाया जाएगा चुनाव- हरभजन सिंह चीमा विधायक काशीपुर

आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी को लेकर पूछे जाने पर विधायक चीमा ने कहा कि उन्होंने कभी भी टिकट के लिए दावेदारी नहीं की। अलबत्ता पहली बार सन 2002 में जब चुनाव हुए थे तब जरूर उन्होंने दावेदारी जताई थी। उसके बाद उनके किये विकास कार्यों की वजह से ही हर बार पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि टिकट देने का निर्णय पार्टी का है।चीमा ने स्पष्ट रूप से खुद के चुनाव लड़ने की दावेदारी को पार्टी पर छोड़ दिया है। यदि पार्टी उनके अलावा किसी को भी टिकट देती है तो वह पूरे निष्ठा भाव और पूरी ताकत के साथ उसे चुनाव लड़वाएंगे।

Exit mobile version