हिमालय प्रहरी

रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार ! मिल्क पाउडर-रिफाइंड से तैयार हो रहा था ‘नकली मावा’, छापे में ढाई क्विंटल मिलावटी मिठाई बरामद

खबर शेयर करें -

 

राजू अनेजा, काशीपुर/ सुल्तानपुर पट्टी। रक्षाबंधन पर्व पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में मिठाई की दुकानों और निर्माण स्थल पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई में मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार किया जा रहा नकली मावा, मिलावटी खोया और बड़ी मात्रा में तैयार मिठाइयां बरामद हुईं। करीब ढाई क्विंटल मिलावटी मिठाई नष्ट कराई गई।

पहले ही छापे में खुली गंदगी की पोल, कीड़े-मकौड़ों वाली 50 किलो मिठाई मिली

 

 

संयुक्त टीम ने सबसे पहले उत्तराखंड स्वीट्स पर छापा मारा। यहां मिठाई और खोये की गुणवत्ता देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच के दौरान करीब 50 किलो खोया और छैना से तैयार मिठाइयां कीड़े-मकौड़ों से युक्त पाई गईं।

 

टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। खोये के नमूने जांच के लिए लिए गए। दुकान में गंदगी और साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिलने पर चालान की कार्रवाई भी की गई।

 

दूसरी दुकान में चल रहा था ‘नकली मावा’ बनाने का खेल!

 

 

इसके बाद टीम कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पहुंची। यहां छापेमारी के दौरान जो सामने आया, उसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। दुकान पर मिल्क पाउडर और रिफाइंड मिलाकर मावे जैसा पदार्थ तैयार किया जा रहा था।

 

पूछताछ के दौरान दुकान संचालक ने भी टीम के सामने स्वीकार किया कि मिल्क पाउडर और रिफाइंड का इस्तेमाल कर मावा तैयार किया जा रहा था। इसके बाद टीम ने मौके पर मौजूद तैयार माल की जांच शुरू की।

 

80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो बर्फी और डेढ़ कुंतल केक-लौज जब्त

 

 

जांच के दौरान टीम को करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और करीब डेढ़ कुंतल मिलावटी केक-लौज बरामद हुआ।

 

त्योहार के सीजन में इतनी बड़ी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। खाद्य विभाग की टीम ने नियमानुसार नमूने लिए और दुकान संचालक की सहमति के बाद बरामद मिलावटी मावा और मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

 

‘मुनाफे के लिए इंसानी जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’—एसडीएम

 

 

उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मुनाफे के लालच में मानव जीवन से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जानकारी सामने आई है कि बाहरी क्षेत्रों से रिफाइंड और मिल्क पाउडर से तैयार मावे के पदार्थ दुकानों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे स्रोतों और उन्हें बेचने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

 

बिना लाइसेंस मिठाई बनाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा

 

 

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ललित मोहन पांडे ने बताया कि कार्रवाई सिर्फ मिलावटी मावे तक सीमित नहीं रहेगी। बिना लाइसेंस मिठाई का निर्माण करने, खुले में मिठाई बेचने, गलत पदार्थों का इस्तेमाल करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि संबंधित मामलों में दो लाख रुपये तक के जुर्माने की संस्तुति की गई है। करीब ढाई क्विंटल मिठाई नष्ट कराई गई है।

 

त्योहार पर मिठाई खरीदने वालों की सेहत से खिलवाड़ की तैयारी थी!

 

 

रक्षाबंधन के मौके पर मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। इसी मांग का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिलावटी मावे और खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करते हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई ने ऐसे कारोबारियों को साफ संदेश दे दिया है कि त्योहार की भीड़ में मिलावट का खेल चलाना अब आसान नहीं होगा।

 

खास बात यह है कि मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार मावे को असली मावे के रूप में इस्तेमाल कर मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो यही मिठाइयां त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की थाली तक पहुंच सकती थीं।

 

एक लाख की कार्रवाई, खाद्य विभाग की अलग जांच जारी

 

 

प्रशासन की ओर से संबंधित मामले में एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलग से नमूने लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

‘अभियान रुकेगा नहीं, आगे भी होंगी ताबड़तोड़ छापेमारी’

 

 

एसडीएम ऋचा सिंह ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिठाई, मावा, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच और तेज की जाएगी।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ललित मोहन पांडे, राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, सतपाल बाबू, राजस्व उपनिरीक्षक आकाश सैनी समेत राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम मौजूद रही।

 

अधिकारियों का सीधा संदेश

 

 

मिठाई में मिलावट कर जेब भरने वालों की अब खैर नहीं। त्योहार चाहे कोई भी हो, खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी और मिलावट का माल पकड़े जाने पर उसे मौके पर नष्ट कराने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Exit mobile version