रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास स्थित इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के बाहर सोमवार शाम को शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इससे दुकान के बाहर रखा लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। तीसरी मंजिल के गोदाम पर रखे करीब दो एलईडी टीवी भी आग की चपेट में आ गए।
फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
काशीपुर बाईपास रोड पर मुख्य बाजार में स्थित गुरु मां इंटरप्राइजेज शोरूम के बाहर शाम करीब चार बजे शॉर्टसर्किट के कारण अचानक आग लग गई। सोमवार को साप्ताहिक बंदी होने के कारण शोरूम बंद था। शोरूम के बिजली बोर्ड और इनवर्टर-बैटरी दुकान के बाहर लगे थे, इन्हीं में शॉर्टसर्किट होने की वजह से आग लगी। शोरूम के बाहर टंगे फ्लैक्सी बोर्ड के माध्यम से आग दुकान की तीसरी मंजिल तक पहुंच गई जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर फायर स्टेशन था इस वजह से वहां पर तुरंत दमकल कर्मी तीन गाड़ियों के साथ पहुंच गए। सीएफओ वंश बहादुर ने बताया कि करीब 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
शोरूम के बाहर रखे बैटरी, इनवर्टर और चार एसी के फैन जलकर राख हो गए। वहीं तीसरी मंजिल के गोदाम पर रखे दो एलईडी टीवी भी आग की चपेट आ गए। शोरूम के बाहर लगा कांच व फ्लैक्सी बोर्ड पूरी तरह से जल गया। सूचना मिलते ही विधायक शिव अरोरा, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी क्राइम अभय सिंह आदि भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शोरूम में लगी आग को देखते हुए बाजार के सभी दुुकानदारों को हिदायत दी है कि दमकल विभाग की टीम जल्द ही सभी दुकानों का फायर ऑडिट करेगी। इस बीच सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों की वायरिंग और वहां लगे उपकरण की मरम्मत करवा लें। एसएसपी ने कहा कि दुकान के अंदर भवन की क्षमता के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग किया जाए। इसके अलावा हर भारी उपकरण के लिए अलग-अलग एमसीवी का प्रयोग किया जाए। वायरिंग में तारों की गुणवत्ता का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। वहीं कटआउट लगाने के लिए लकड़ी के बोर्ड का इस्तेमाल न किया जाए।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें