हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर : कबाड़ी के गोदाम में रखे गैस सिलेंडर का रिसाव, कई लोग बेहोश, पुलिस प्रशासन में हड़कंप

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर/राजा कॉलोनी क्षेत्र में कबाड़ी के गोदाम में रखे गैस सिलेंडर का रिसाव हो गया।

इससे कई लोग बेहोश हो गए। इसका पता चलते ही जिला और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

फिलहाल नहीं चला गैस का पता

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जानकारी ली और तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस सिलेंडर में कौन सी गैस थी, इसका पता नहीं चल सका है। इसका पता लगाने में केमिस्टों की भी मदद ली जाएगी।

कबाड़ी के गोदाम में रखा था सिलेंडर

मंगलवार सुबह ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर/राजा कॉलोनी में अचानक कबाड़ी के गोदाम में रखा गया गैस सिलेंडर से रिसाव हो गया। तेज दुर्गन्ध के चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। देखते ही देखते गैस तेजी से फैल गई। जिससे वहां रहने वाले कुछ लोग गैस लगने से बेहोश हो गए।

इनको अस्पताल में भर्ती कराया गया

इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही गैस लगने से बेहोश हुए रामावती, सीमा और धर्मेंद्र को पुलिस कर्मियों ने लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

कबाड़ी से की जा रही पूछताछ

थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा ने बताया कि कबाड़ी के गोदाम में रखा गया गैस सिलेंडर लीक हुआ है। जिससे तीन लोग बेहोश हुए। पता लगाया जा रहा है की सिलेंडर में कौन सी गैस थी। इसके लिए कबाड़ी से पूछताछ की जा रही है।

छह से अधिक लोगों को मौके पर ही दिया गया ऑक्सीजन

गैस रिसाव के दौरान कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। जिसकी सूचना पर कई एंबुलेंस मौके पर रवाना हुई। जहां से तीन लोगों को जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। जबकि 6 से अधिक लोगों को सांस की परेशानी हुई। इस पर एंबुलेंस में रखे गए सिलेंडरों से उन्हें ऑक्सीजन दिया गया। बाद में उनकी हालत में सुधार हो गया।

Exit mobile version