हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर हत्या कांड : आरोपी उसके लिए मजदूरी करने वाले मज़दूरो को रुपयों के बदले देता था नशीले इंजेक्शन

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में विवाद के चलते कबाड़ी सद्दाम की निर्मम हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस जांच में पता चला है कि फरार मुख्य हत्यारोपित कबाड़ी का काम करने के साथ ही नशीले इंजेक्शन बेचने का काम भी करता है।

उसके यहां मजदूरी करने वाले नशेड़ियों को वह रुपयों के बदले इंजेक्शन देता है।

फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के बाद उसे नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वालों तक पहुंचेगी। शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी लगातार बढ़ रही है। अफीम, हेरोइन, चरस, गांजा, स्मैक के साथ ही नशीले इंजेक्शन और गोलियां भी धड़ल्ले से बिक रही है। बुधवार शाम से लापता सुभाष कालोनी निवासी सद्दाम की हत्या कर फेंकी गई लाश बरामद होने के बाद सुभाष कालोनी निवासी कबाड़ी नवाब फरार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि नवाब सालों से कबाड़ का काम करता है। इसके अलावा वह नशीले इंजेक्शन भी बेचता है। शहर के कई नशीले इंजेक्शन लेने वाले नशेड़ी उसके यहां कबाड़ बेचते हैं। जिसके बाद नवाब उन्हें रुपयों की जगह नशीले इंजेक्शन देता है। गिरफ्तार गंगाराम और शहनवाज भी उसके यहां पर कबाड़ बीनने का काम करते हैं। वह भी उससे रुपयों की जगह नशीले इंजेक्शन लेकर अपनी लत पूरी करते हैं।

जांच में इसका पता लगने के बाद अब पुलिस नवाब और उसके दो अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। एसएसआइ सतीश चंद्र कापड़ी ने बताया कि मुख्य हत्यारोपित नवाब और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद उसे नशीले इंजेक्शन सप्लाई करने वालों के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी। जिसके बाद नशीले इंजेक्शन के सप्लायरों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी।

चाकू और पन्नी बरामद

गिरफ्तार गंगाराम और शहनवाज की निशानदेही पर पुलिस ने सद्दाम का शव बरामद किया। इस दौरान घटनास्थल पर फेंके गए चाकू को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। साथ ही जिस पन्नी में हत्यारोपित नग्न शव लपेटकर लाए थे, उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

Exit mobile version