हिमालय प्रहरी

लालकुआं : कोतवाली के ठीक सामने उचक्के ने किराने की दुकान के गल्ले में किया हाथ साफ

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा, लालकुआं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने दिनदहाड़े दुकानों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है ताजा मामला कोतवाली के ठीक सामने किराने की दुकान का है जहां एक चोर ने दिनदहाड़े किराने की दुकान के गल्ले में हाथ साफ कर दिया। जिसका वीडियो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली के ठीक सामने रामधन अरोरा की किराने की दुकान है। आज सुबह लगभग 9:00 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे, इसी समय वह है किसी काम से दुकान के अंदर बने गोदाम में सामान लेने के लिए गए कि तभी लाल कमीज पहना हुआ एक कम उम्र का लड़का दुकान के अंदर घुस गया और काउंटर में बने गल्ले को खोलकर उसमें रखी हजारों की नगदी निकालकर बड़ी तेजी के साथ वहां से फरार हो गया। दुकान मालिक जब गोदाम से बाहर आए तो गल्ला खुला देख कर उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत लाल कुआं कोतवाली में जा कर दी। इसके बाद लाल कुआं पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से
उक्त चोर की तलाश शुरू कर दी है लेकिन अभी तक उस शातिर चोर का कोई सुराग नहीं लगा है। इधर दिनदहाड़े कोतवाली के सामने हुई चोरी की घटना से बाजार में जबरदस्त हड़कंप मचा हुआ है।

Exit mobile version