दीपावली त्योहार के मद्देनजर ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं. खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए खाद्य विभाग का छापेमारी एवं चेकिंग अभियान जारी है. इसी क्रम में जिला प्रशासन के निर्देश के तहत बुधवार रात्रि खाद्य विभाग की टीम ने लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चेकिंग के दौरान एक कुन्तल से अधिक मिलावटी मावा जब्त किया है. पूछताछ में पता चला कि मिलावटी मावा बरेली से लाकर पिथौरागढ़ को ले जाया जा रहा था. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी मावे की सैंपलिंग कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
लालकुआं में पकड़ा मिलावटी मावा: जिला अभिहित अधिकारी संजय कुमार एवं क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक कैलाश चन्द्र टम्टा के संयुक्त नेतृत्व में मौजूद विभागीय टीम को बरेली से भारी मात्रा में नकली मावा आने की सूचना मिली थी. इस पर खाद्य विभाग की टीम ने लालकुआं कोतवाली मुख्य चोराहे पर चेकिंग अभियान चलाया.
बरेली से पिथौरागढ़ जा रहा था मिलावटी मावा: तभी बरेली की तरफ से प्रेस लिखी आ रही एक पिकअप गाड़ी को रोककर चेकिंग की गई, तो उसमें एक क्विंटल से अधिक नकली मावा बरामद किया गया. टीम ने उक्त मावा को अपने कब्जे में लेकर उसके सैम्पल ले लिए हैं. साथ ही मावा किसका है, कहां जा रहा था उसकी जांच की जा रही है. पूछताछ में गाड़ी चालक ने बताया कि मावे को बरेली से पिथौरागढ़ को ले जाया जाना था. मावे का किसी प्रकार का कोई बिल भी नहीं था.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
