लालकुआं : नगर पंचायत के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक डॉ मोहन बिष्ट ने विधानसभा में उनके द्वारा सरकार की मदद से किए जा रहे कार्यों को मीडिया के समक्ष रखा।
उन्होंने दावा किया कि 2023 तक पेयजल की समस्या का संपूर्ण समाधान कर दिया जाएगा बाकायदा उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा अंतर्गत 55 नलकूपों में लो तथा हाई वोल्टेज की समस्या का भी समाधान किया जा रहा है।
इसके अलावा बिंदुखट्टा को राजस्व गांव बनाने को लेकर पूर्व में की गई बैठकों के अनुसार अभी सर्वे कार्य होना बचा है अभी आगे अन्य बैठक होनी है इसके साथ ही उप जिलाधिकारी भी क्षेत्र का पूरा सर्वे कर शासन को रिपोर्ट भेजेंगे और जल्द ही राजस्व गांव के लिए मजबूत पैरवी के साथ सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की सरकार है और यहां भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लालकुआं नगर पंचायत में हुए भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर युवा मोर्चा ने जो पहल की वह अत्यंत सराहनीय है और युवा मोर्चा की बदौलत ही यहां जिलाधिकारी द्वारा तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य कोषाधिकारी द्वारा नामित एक वित्त अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) द्वारा नामित एक सहायक अभियंता तहसीलदार लालकुआं के नेतृत्व में भ्रष्टाचार की जांच करेंगे।
गोला खनन संघर्ष समिति द्वारा चलाए जा रहे एक प्रदेश एक रॉयल्टी आंदोलन के संदर्भ में विधायक ने कहा कि इस स्तर पर उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है जिस पर सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है उन्होंने कहा कि रॉयल्टी दर में कटौती की जाएगी तथा 20 जनवरी को कैबिनेट की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी उन्होंने कहा कि गोला खनन से जुड़े वाहन स्वामियों को राहत प्रदान करते हुए वाहनों की सरेंडर अवधि को 6 महीने से बढ़ाकर 1 वर्ष कर दिया गया है।
विधायक ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए कहा कि बिंदुखत्ता में रुके हुए विद्युतीकरण का कार्य फिर से बहाल कर दिया गया है हालांकि अब तक इस दिशा में पूर्व में 50 फ़ीसदी काम हो गया था लिहाजा एक बड़ी चुनौती का सामना उन्हें करना है ।
उन्होंने यह भी कहा कि आज साप्ताहिक शिविर के माध्यम से लोगों का समय बचाते हुए स्थानीय आधार पर ही उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा रहा है। विद्युतीकरण पर रोक लगने के बावजूद उन्होंने बिंदुखत्ता में 9 ट्रांसफार्मर लगाकर लो वोल्टेज की समस्या का भी समाधान करवाया ।
डॉ मोहन बिष्ट ने नेशनल हाईवे के संदर्भ में कहा कि मार्ग को बेहतर बनाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं आंतरिक मार्गों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पैच वर्क किया जा रहा है लेकिन मौसम अनुकूल न होने की वजह से इसका विशेष लाभ नहीं मिल पा रहा है लिहाजा ग्रीष्म ऋतु में इस पर युद्ध स्तर पर कार्य किया जाएगा ।
विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने मीडिया से मुखातिब होते हुए यह भी कहा कि अगले महीने तक हल्दुचौड़ स्थित 30 बेड के अस्पताल को भी पूरे दमखम के साथ शुरू किया जाएगा डॉक्टरों के साथ-साथ इमरजेंसी भी हल्दुचौड़ हॉस्पिटल में शुरू की जाएगी। विधायक डॉ मोहन बिष्ट ने कहा कि वर्तमान की जन एवं लोक कल्याणकारी सरकार हर मुद्दे पर जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें