हिमालय प्रहरी

विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने समझा गन्ना किसानों का दर्द

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा, काशीपुर। चुनाव जीतने के बाद काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के निराकरण के लिए

खाका तैयार करना शुरू कर दिया है जिसमें मुख्य रुप से क्षेत्र के गन्ना किसानों को समय पर भुगतान एवं बंद पड़ी शुगर मिल को अति शीघ्र चालू करवाना प्राथमिकता है।

उन्होंने इस संबंध में राज्य सरकार/शासन को पत्र लिखकर काशीपुर में कोऑपरेटिव सेक्टर की चीनी मिल लगाए जाने व बंद शुगर मिल पर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने का आग्रह किया है। नवनिर्वाचित विधायक ने कहा कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में भारी तादाद में गन्ना किसान हैं। उन्हें गन्ना उगाकर यूपी की चीनी मिलों में भेजकर भुगतान के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इस समस्या को दृष्टिगत रखते हुए काशीपुर में कोऑपरेटिव सेक्टर की चीनी मिल स्थापित की जानी चाहिए। विधायक ने कहा कि काशीपुर में बंद पड़ी शुगर मिल पर गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान बकाया है। यह भुगतान कराने की मांग उनके पिता पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा कई बार प्रमुखता से उठा चुके हैं, लेकिन भुगतान नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि अब इस मांग को प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा गया है ताकि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान जल्द हो सके। उन्होंने कहा कि काशीपुर में कोऑपरेटिव चीनी मिल स्थापित होने से रोजगार के नये रास्ते खुलेंगे।

Exit mobile version