हिमालय प्रहरी

शिंदे के नाम पर लगेगी मुहर या फडणवीस संभालेंगे महाराष्ट्र की कमान, जानें CM की रेस में कौन आगे

खबर शेयर करें -

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP), शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के गठबंधन ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। इसके बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ।

ऐसा इसलिए कि भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाया है। एनडीए को जहां 235 सीटें मिली हैं, वहीं अकेली भाजपा के खाते में 132 सीटें गई हैं। राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 57 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

महाराष्ट्र के इस नतीजे के बाद मुख्यमंत्री पद की लड़ाई दे दिग्गजों के बीच सिमटकर रह गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसके नाम की चर्चा जोरों से चल रही है। भाजपा और शिवसेना के नेताओं के द्वारा दावे भी किए जाने लगे हैं। हालांकि दोनों नेताओं ने इससे जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि तीनों दल मिलकर निर्णय लेंगे कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

अगला मुख्यमंत्री कौन?

NDA की शानदार जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सवाल उठा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “अंतिम परिणाम आने के बाद हम सब एक साथ बैठकर इस पर निर्णय लेंगे। हम सभी दल मिलकर इस फैसले पर पहुंचेंगे। जैसा हमने चुनाव मिलकर लड़ा था।”

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का चयन मिलकर किया जाएगा। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के चेहरे पर कोई विवाद नहीं होगा। यह पहले दिन से तय था कि चुनाव के बाद तीनों दलों के नेता बैठकर इस मुद्दे पर निर्णय लेंगे। यह निर्णय सभी के लिए स्वीकार्य होगा, इस पर कोई मतभेद नहीं होगा।”

महाराष्ट्र की सत्ता संभाल रही महायुति में शिवसेना, भाजपा और राकांपा के अजित पवार गुट शामिल हैं। हालांकि, गठबंधन के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर कुछ मतभेद उभरने की खबरें भी आई हैं। विभिन्न दल इस पद पर अपना दावा पेश कर रहे हैं। शिवसेना के विधायक और प्रवक्ता संजय शिरसाट ने शुक्रवार को कहा था कि विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के चेहरे पर लड़ा गया था। उन्होंने कहा, “मतदाताओं ने मतदान के माध्यम से शिंदे के पक्ष में अपनी पसंद दिखाई है। मुझे लगता है कि यह शिंदे का अधिकार है। हमें पूरा विश्वास है कि वह ही अगले मुख्यमंत्री होंगे।”

वहीं, भाजपा की तरफ से देवेंद्र फडणवीस का नाम आगे बढ़ाया जा रहा है। महाराष्ट्र में मिली इस शानदार जीत के बाद भाजपा के कई केंद्रीय स्तर के नेता उनके घर पहुंचे और जीत का जश्न मनाया। अब देखना दिलचस्प होगा कि महाराष्ट्र पर किसका राज चलता है। एकनाथ शिंदे या देवेंद्र फडणवीस या फिर भाजपा एक नया प्रयोग करते हुए किसी तीसरे को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी सौंपती है।

Exit mobile version