हिमालय प्रहरी

सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर नगर निगम गंभीर, निशुल्क जांच शिविर के अंतर्गत दर्जनों कर्मचारियों के स्वास्थ्य की हुई जांच

खबर शेयर करें -

दिनभर शहर को साफ रखने वालों की सेहत की भी हुई जांच, पीपीई किट देकर सुरक्षा का दिया संदेश

राजू अनेजा, काशीपुर।शहर की गलियों और सड़कों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर नगर निगम ने बुधवार को संवेदनशील पहल की। नगर निगम परिसर में संजीवनी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से सफाई कर्मचारियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

 

स्वास्थ्य जांच के साथ दिए जरूरी सुझाव

शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद कर्मचारियों को उनके स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी और सावधानियों के बारे में बताया गया। चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के साथ कार्य के दौरान संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव के लिए जरूरी उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।

 

जो शहर को संक्रमण से बचाते हैं, उनकी सुरक्षा भी जरूरी

सफाई कर्मचारी प्रतिदिन कचरे, गंदगी और विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य जोखिमों के बीच काम करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।

 

पीपीई किट देकर बढ़ाया सुरक्षा कवच

स्वास्थ्य जांच शिविर के समापन पर सफाई कर्मचारियों को पीपीई किट वितरित की गईं। अधिकारियों ने कहा कि सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। पीपीई किट उन्हें कार्य के दौरान संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाने में मदद करेगी।

शिविर में नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version