हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी : दो शराबियों में हुई हल्की नोकझोंक में एक की गई जान

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: मंगल पड़ाव पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत शराब की दुकान पर मामूली विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे युवक की पत्थरों से मार कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मंगल पड़ाव पुलिस चौकी के पीछे रहने वाले दीपक सागर का शनिवार देर शाम दीपक उर्फ दीपू निवासी वनभूलपुरा कब्रिस्तान गेट के साथ शराब की दुकान पर मामूली बात को लेकर विवाद हो गया.

विवाद के बाद दीपू ने दीपक को मारने की धमकी दे दी. शनिवार देर रात 11:00 बजे खाना खाने के बाद दीपक घर से बाहर टहलने के लिए निकला. इस दौरान दीपू ने उसको घेर लिया. घर से कुछ दूरी पर उसे पत्थरों से मारकर अधमरा कर छोड़ दिया. शनिवार रात पुलिस दीपक को अस्पताल ले गई. रविवार को इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई.

पूछताछ में दीपक के परिजनों ने बताया कि उसका दीपू से मामूली बात को लेकर झगड़ा हुआ था. झगड़े के बाद दीपू ने दीपक को मारने की धमकी दी थी. पूरे मामले में दीपक की बहन पुष्पा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दीपू के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मंगल पड़ाव पुलिस चौकी प्रभारी कश्मीर ने बताया कि आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस की पूछताछ में आरोपी दीपू ने बताया कि शराब की दुकान पर एक दूसरे का कंधा टकरा गया था. इस कारण विवाद हो गया था. इस दौरान दीपक सागर ने उसको गालियां दी थी. इससे उसने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी.

Exit mobile version