हल्द्वानी में फिर से चोरों के हौसले बुलंद हो गए। दो तीन दिन में चोरों ने चर्चित यू-ट्यूबर, दो अलग अलग जगहों पर किराना और बेकरी की दुकानों में सेंधमारी की। इसके अलावा शहर भर का कूड़ा उठाने वाले वाहनों की भी बैटरियों को चोर निकालकर ले गए। चोरी की घटनाओं की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दावा किया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर वारदातों का खुलासा कर दिया जाएगा।
ओलीविया कॉलोनी, पंचायत घर, रामपुर रोड में यू-ट्यूबर सौरभ जोशी का घर है। वह कुछ दिन पहले परिवार के साथ बाहर घूमने गए हुए हैं। पुलिस के अनुसार कॉलोनी के पीछे की दीवार कुछ दिन पहले हाथियों ने तोड़ दी थी। इसी दीवार से चोर कॉलोनी में घुसे और सौरभ के घर की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर अंदर दाखिल हुए। सूचना पर टीपीनगर चौकी पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि वीडियो कॉल के जरिए सौरभ को घर की स्थिति दिखाई गई है।
टीपीनगर चौकी प्रभारी संजीत राठौर ने बताया कि अभी तक गृहस्वामी घर में चोरी के सामान के बारे में नहीं बता पा रहे हैं। उनके लौटने पर ही चोरी के बारे में पता चल पाएगा। वहीं सौरभ के पिता ने बताया कि बेटे के पहुंचने पर ही पूरी जानकारी मिल पाएगी।
इधर भोटिया पड़ाव क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर में राकेश सिंह की पेस्ट्री की दुकान है। 29 अक्तूबर की रात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर पांच हजार की नकदी पार कर ली। सुबह दुकान खोलने पर राकेश सिंह को घटना के बारे में पता चला। उसने पुलिस को मामले की तहरीर सौंपी है।
वहीं, दोनहरिया में उर्वादत्त शर्मा की किराने की दुकान के ताले तोड़कर चोर नकदी और सामान ले गए। इस मामले में भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दावा किया कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।