जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर में एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ बैडमिंटन खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेल-खेल में हुए झगड़े के दौरान 12 वर्षीय मासूम बच्चे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया गया। दिल के पास गहरा घाव लगने से गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक बच्चे के परिजनों में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है।
खेलने को लेकर हुआ था विवाद, दिल के पास मारा गया चाकू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय बालक अन्य बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान खेल को लेकर बच्चों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक बच्चे ने गुस्से में आकर 12 साल के बालक के दिल के पास चाकू से जानलेवा वार कर दिया। वार इतना जोरदार था कि बच्चा लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत निकटतम निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की मुख्य वजह क्या थी और हमलावर के पास चाकू कहाँ से आया।
एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि बच्चे के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना में शामिल हमलावर की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मौके से जुटाए गए तथ्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।