हिमालय प्रहरी

महुआखेड़ा गंज में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी के घर में वारदात से सनसनी

खबर शेयर करें -

घर में घुसकर गोली मारने का आरोप, शव घर के बाहर छोड़कर फरार हुआ आरोपी! महिलाओं की मौजूदगी में हुई सनसनीखेज वारदात

राजू अनेजा,काशीपुर। महुआखेड़ा गंज के वार्ड नंबर तीन, मढैया देवी क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। युवती की हत्या पड़ोस के एक घर में किए जाने की बात सामने आ रही है। वारदात के बाद आरोपी शव को उसके घर पर रखकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्व. फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मेहबिश अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।

पड़ोसी के घर में हत्या, फिर शव घर पर छोड़कर भागने का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मेहबिश की हत्या पड़ोस के एक घर में किए जाने की बात सामने आई है। घटना के दौरान घर में महिलाएं मौजूद थीं। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती के शव को उसके घर पर रखकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आरोपी पक्ष के परिवार के लोग भी घर से फरार बताए जा रहे हैं। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह क्या है और वारदात किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।

सूचना मिलते ही दौड़ी पुलिस, फॉरेंसिक टीम जुटाएगी साक्ष्य

गोली मारकर हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या की वजह को लेकर भी जांच की जा रही है।

फरार आरोपी की तलाश में दबिश

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक जांच और प्रारंभिक तफ्तीश के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही आरोपी के परिवार के लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

22 साल की युवती की हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब पुलिस जांच से ही साफ होगा कि आखिर मेहबिश की हत्या क्यों और किन परिस्थितियों में की गई।

Exit mobile version