
काशीपुर। किसान संगठन द्वारा 27 सितम्बर को भारत बंद के दौरान दुकाने खुलने पर व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के शिष्टमंडल ने स्थानीय कोतवाली पहुंचकर कोतवाल जीबी जोशी से मुलाकात की तथा सोमवार को बन्द के दौरान व्यापारियों की लेकर एक ज्ञापन भी सौपा।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष राजकुमार सेठी के नेतृत्व में एकत्रित व्यापारियों ने स्थानीय कोतवाली पहुंचकर कोतवाल जी बी पंत को एक ज्ञापन सौपते हुए कहा कि आगामी 27 सितंबर को किसान संगठन द्वारा बंद का आह्वान किया गया है परंतु विगत 2 वर्षों से कोरोना महामारी के चलते लगे लॉकडाउन से पहले से ही व्यापारी वर्ग काफी परेशान है और अधिकतर व्यापारी आर्थिक मंदी से गुजर रहे है। अतः यहां के व्यापारी बाजार बंद के पक्ष में नहीं है उन्होंने कहा कि सोमवार को बाजार बंद की आड़ में कुछ उपद्रवी बाजार में शांति भंग करने की कोशिश करेंगे जिस कारण बाजार में माहौल खराब होने की प्रबल आशंका बनी हुई है अतः 27 सितंबर को मुख्य बाजार में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापारियों को दुकान खोलने के दौरान पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए ताकि किसी व्यापारी का कोई नुकसान ना हो और नगर में शांति व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान कोतवाल जी बी पंत ने 27 सितंबर को व्यापारियों की संपूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व कानून का उल्लंघन करता हुआ पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।