काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर अंतर्गत लक्ष्मीपुर पट्टी क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान एक मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो सगे भाई मलबे के नीचे दब गए। इस दुर्घटना में 28 वर्षीय छोटे भाई जाकिर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय बड़ा भाई शकील गंभीर रूप से घायल हो गया।
मलबे के नीचे दबे दोनों भाई, चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय निवासियों के अनुसार, शाम के समय मकान में निर्माण कार्य चल रहा था कि अचानक तेज आवाज के साथ लेंटर ढा गया। हादसे के दौरान मौके पर काम कर रहे जाकिर और शकील मलबे के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर तुरंत आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को मलबे से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए राजकीय चिकित्सालय काशीपुर पहुंचाया गया।
जाकिर को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, शकील का उपचार जारी
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने 28 वर्षीय जाकिर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय शकील की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था जाकिर, परिवार में मचा कोहराम
मृतक जाकिर छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम भी मौके व अस्पताल पहुंचे। तहसीलदार काशीपुर पंकज चंदौला ने बताया कि घटना का संज्ञान ले लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं लेंटर गिरने के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है।